Bhopal News: कृषि कानूनों के विरोध में भोपाल में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली
Updated: | Wed, 27 Jan 2021 09:19 AM (IST)भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में कृषि कानून के खिलाफ मंगलवार को किसानों ने राजधानी भोपाल में भी प्रदर्शन किया। भोपाल में किसानों द्वारा ट्रैक्टर रैली निकाली गई। राजधानी के बायपास स्थित मुबारकपुर जोड़ से निकली इस रैली में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाए शामिल हुए। रैली के समर्थन में मध्यप्रदेश किसान सभा, अखिल भारतीय किसान सभा जैसे किसान संगठनों के अलावा श्रमिक संगठन- सीटू, एटक, बीमा कर्मचारी यूनियन, जनवादी महिला समिति, जनवादी लेखक संघ, प्रगतिशील लेखक संघ, भारत ज्ञान विज्ञान समिति आदि के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। वे अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों में तिरंगा ध्वज और अपने संगठनों के झंडे लगाए थे। कृषि कानून रद्द करने, एमएसपी पर गारंटी का कानून बनाने की मांग की गई। रैली मुबारकपुर जोड़ से अचारपुरा जोड़, बैरसिया फ्लायओवर होते हुए सूखी सेवनिया के जोड़ से वापस बैरसिया फ्लायओवर तक आई।
आमसभा भी हुई
बैरसिया फ्लायओवर पर आमसभा भी हुई। संयुक्त किसान मोर्चा के इरफान जाफरी, मोहन मीना, प्रमोद प्रधान और अखिल भारतीय किसान सभा के प्रह्लाद बैरागी ने कहा कि आज देश का किसान वास्तविक जनतंत्र दिवस मना रहा है। यह जनता का जनतंत्र है, जो जनतंत्र की हत्या करने वालों को चेतावनी है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन इन क़ानूनों की वापसी न होने तक चलेगा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि देश के अन्नदाताओं को कार्पोरेटों का गुलाम बनाना हम कभी नहीं स्वीकारेंगे। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार व राजधानी के प्रशासन को आगाह किया कि बेवजह किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन पर असंवैधानिक व जबरिया दमन करने से बाज आए। रैली का नेतृत्व किसान नेता इरफान जाफरी, मोहन मीना, पवन सिंह, शंकर सिंह गूजर, योगेश पाल, मम्मू भाई, जीवन मीणा, फजल अली, बृंदावन शर्मा, विक्रम मीणा, संजीव साहू, लालाराम कुशवाह, प्रमोद प्रधान, पीवी रामचंद्रन, एटी पद्मनाभन, पीएन वर्मा, पूषन भट्टाचार्य, एसएस मौर्य, रूपसिंह चौहान, नवाब भाई, लोकेन्द्र शेखावत, राम बिहारी, अंजनी पाठक, एमटी सुशीलन, मुकेश भदौरिया, ओपी डोंगरीवाल, संध्या शैली आदि ने किया।