मंडप में पांच लाख स्र्पये की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा शादी छोड़कर भागा
Updated: | Fri, 27 Nov 2020 10:34 PM (IST)भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)।
शादी के दिन वरमाला से पहले दहेज के पांच लाख रुपये नहीं मिलने पर दूल्हा शादी छोड़कर भाग गया। दुल्हन ने महिला थाने में शिकायत की। पुलिस ने दहेज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दरअसल, भेल में कार्यरत कर्मचारी की बेटी का विवाह अवधपुरी निवासी विजय बहाने से तय हुआ था। विजय प्राइवेट नौकरी करता है। तिलक के दौरान दुल्हन के परिजन दूल्हे के परिजनों को दो लाख रुपये नकद दहेज के रूप दे चुके थे।
गुरुवार को गोविंदपुरा इलाके के नटराज शादी हॉल से विवाह का कार्यक्रम संपन्न् होना था। दुल्हन के परिजनों ने शादी की पूरी तैयारी की थी। गुरुवार रात को बरात लगने के बाद दूल्हा घोड़ी चढ़कर शादी हाल तक पहुंचा। यहां वरमाला के कार्यक्रम के दौरान दूल्हे की तरफ से परिजनों ने पांच लाख रुपये देने की मांग रख दी। जिस पर परिजनों ने कहा कि एकदम इतनी नक द राशि कैसे दे पाएंगे। इस पर दूल्हा गुस्से में आ गया। वह वरमाला तोड़कर सभी बरातियों को साथ लेकर शादी हॉल से चला गया। दुल्हन के परिजनों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन दूल्हे व माता-पिता नहीं माने। इससे गुरुवार को शादी नहीं हो पाई। परेशान होकर शुक्रवार को दुल्हन के साथ परिजन महिला थाने पहुंचे। यहां पुलिस ने दोनों परिवारों को एक करने के लिए दुल्हे व उसके परिजनों को कई बार फोन कर थाने बुलाया, लेकिन दूल्हा व उसके परिजन नहीं पहुंचे। इस पर पुलिस ने दूल्हा विजय बहाने, उसके पिता बिमरा बहाने व मां सुधा बहाने के खिलाफ दहेज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। महिला थाना की टीआइ अजिता नायर ने बताया कि मामले में दुल्हन पक्ष का कहना है कि पहले से दहेज की इतनी बड़ी राशि मांगने का तय नहीं था। अचानक इतनी बड़ी राशि नहीं दे सकते हैं। इस कारण दूल्हा पक्ष के खिलाफ केस दर्ज हुआ।