मध्य प्रदेश से दिल्ली भेजे जाएंगे बाघ और सफेद मोर, केंद्रीय मंत्री ने की है मांग
Updated: | Sun, 07 Mar 2021 05:18 PM (IST)भोपाल (नईदुनिया स्टेट ब्यूरो)। गोवा के बाद टाइगर स्टेट मध्य प्रदेश अब दिल्ली चिड़ियाघर के लिए भी बाघ देगा। केंद्रीय पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री बाबुल सुप्रियो ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर बाघ, सफेद मोर और भारतीय गिद्ध की मांग की है। वन विभाग ने केंद्रीय मंत्री की मांग पूरी करने की तैयारी शुरू कर दी है। इनके बदले दिल्ली चिड़ियाघर से ऐसे किसी वन्यप्राणी को मांगने पर विचार चल रहा है, जो मध्य प्रदेश में नहीं है और प्रदेश में जिसकी वंशवृद्धि की संभावना हो।
दो साल में दिल्ली तीसरा राज्य है, जिसने मध्य प्रदेश से बाघ की मांग की है। इससे पहले गोवा का प्रस्ताव आ चुका है। वहीं वर्ष 2018 में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की मांग पर बाघ महावीर एवं बाघिन सुंदरी को ओडिशा के सतकोशिया टाइगर रिजर्व भेजा जा चुका है। हालांकि इसके परिणाम अच्छे नहीं रहे। बाघ मारा गया, बाघिन बाड़े में कैद है। अब गोवा और दिल्ली के प्रस्ताव पर बाघों को भेजने की तैयारी चल रही है।
बाबुल सुप्रियो का पत्र पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचा है, जो आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को भेज दिया गया है। विभाग ने सफेद मोर के लिए इंदौर चिड़ियाघर प्रबंधन से बात की है, जबकि बाघ के लिए भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क प्रबंधन को तैयारी करने को कहा है। गिद्ध भोपाल के केरवा स्थित गिद्ध केंद्र से भेजा जाएगा।