Gwalior transporter news: चेक पोस्ट वसूली के आरोपों की जांच पूरी, आयुक्त को सौंपी रिपोर्ट
Updated: | Wed, 20 Jan 2021 09:52 AM (IST)Gwalior transporter news: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। उप परिवहन आयुक्त एके सिंह ने ट्रक आपरेटरों के उन आरोपों की जांच पूरी कर ली है, जिसमें चेक पोस्ट पर अवैध वसूली का आरोप लगाया था। एके सिंह ने इंदौर सहित अन्य जिलों में जाकर आपरेटरों के बयान दर्ज किए। उन वीडियो को भी लिया, जिनके आधार पर वसूली के आरोप लगाए जा रहे थे।
प्रदेश में परिवहन विभाग के चेक पोस्ट वसूली के लिए बदनाम हैं। इनकी वसूली की शिकायत हर स्तर पर की गई है, लेकिन वसूली बंद नहीं हुई थी। इस वसूली के खिलाफ ट्रक आपरेटर यूनियन ने मोर्चा खोल दिया था। जिला स्तर पर भी प्रदर्शन किए गए। ट्रक आपरेटर प्रतिनिधियों ने मुख्यालय का भी घेराव किया था। साथ ही अपर आयुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें चेक पोस्टों पर वसूली का आरोप लगाया है। प्रदेश के कुछ चेक पोस्टों पर वसूली के लिए बाहरी लोग रखने की भी शिकायत की गई। इसके अलावा चेक पोस्ट से पहले भी वाहनों को रोका जा रहा है। वीडियो भी दिखाए, जिसमें चेक पोस्ट के कर्मचारी वसूली करते हुए नजर आ रहे थे। साथ ही फोटो भी पेश किए। अपर आयुक्त ने इस पूरे मामले की जांच उप परिवहन आयुक्त को सौंपी थी। उप परिवहन आयुक्त ने कुछ आपरेटरों के बयान मुख्यालय में दर्ज कर लिए थे, जो मुख्यालय नहीं आए थे, उनके बयानों के लिए संबंधित जिले में पहुंचे और उनके बयान दर्ज किए। बयानों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की गई। बंद लिफाफे में 18 जनवरी को आयुक्त को रिपोर्ट सौंप दी।