Bhaiyyu Maharaj Suicide Case: आत्महत्या से चार दिन पहले भय्यू महाराज ने आयुषी को जन्मदिन पर दिया था महंगा हार
Updated: | Thu, 04 Mar 2021 08:47 PM (IST)
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि Bhaiyyu Maharaj Suicide Case। भय्यू महाराज आत्महत्या मामले में गुरुवार को महाराज की पत्नी आयुषी के बयान हुए जो अधूरे रहे। आयुषी ने स्वीकारा कि महाराज ने आत्महत्या से चार दिन पहले जन्मदिन पर उसे महंगा हार दिया था। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में 50 से 60 लोग शामिल हुए थे। इनमें कुहू शामिल नहीं थी। आयुषी के बयान शुक्रवार को भी जारी रहेंगे।
बुधवार को न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के बाद आयुषी दोपहर करीब एक बजे न्यायालय पहुंची। करीब दो घंटे बयान चले। इस दौरान आरोपित शरद की तरफ से एडवोकेट धर्मेंद्र गुर्जर ने प्रतिपरीक्षण किया। आयुषी ने स्वीकारा कि उनकी बेटी का जन्म इंदौर के एक निजी अस्पताल में हुआ था। आरोपितों ने उन्हें धमकी दी थी कि वे उसे मनोरोगी घोषित करवा देंगे इसलिए वे बच्ची का जन्म महाराष्ट्र में होने की बात कह रही थीं। आयुषी ने कोर्ट को बताया कि उसे नहीं पता कि महाराज ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम के दौरान अन्ना हजारे का अनशन तुडवाया था। हालांकि अखबारों से उन्हें इसकी जानकारी लगी थी।
आरोपित के वकील ने आयुषी से कहा कि भय्यू महाराज द्वारा कुहू को लंदन भेजने की तैयारी करने से वे नाराज थीं जबकि महंगा हार दिलाने से कुहू भी महाराज से नाराज थी। इस पर आयुषी ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। गुर्जर ने बताया कि प्रकरण में सुनवाई शुक्रवार को भी जारी रहेगी। गौरतलब है कि कोर्ट में आयुषी का बयान पिछले चार दिनों से चल रहा है। हालांकि बुधवार को वह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुई थी, तो उसे न्यायालय ने उपस्थित रहने के निर्देश दिए थे।, जिसके बाद वह गुरूवार को बयान देने के लिए आई थी।