Co-operative Indore: मजदूर पंचायत के पात्र सदस्यों को शपथ-पत्र के साथ पेश करने होंगे भूखंड के दस्तावेज
Updated: | Fri, 26 Feb 2021 12:18 PM (IST)इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि,Co-operative Indore। मजदूर पंचायत गृह निर्माण सहकारी संस्था की पुष्प विहार कालोनी के पात्र सदस्यों को भूखंड आवंटन से पहले प्रशासन उनके दस्तावेजों का सत्यापन करेगा। सदस्यों को भूखंड की रजिस्ट्री के साथ ही पहचान-पत्र पेश करना होगा, ताकि सही व्यक्ति को भूखंड मिल सके। दस्तावेजों के साथ सदस्य को एक शपथ-पत्र भी देना होगा, जिसमें उसे अपने स्वामित्व, भूखंड नंबर, उसके साइज आदि की घोषणा करना होगी। यह भी बताना होगा कि वह भूखंड का असली स्वामी है और उसके द्वारा दी गई जानकारी सत्य है।
इस कार्रवाई के लिए प्रशासन 27 और 28 फरवरी को पुष्प विहार कालोनी में शिविर लगाने जा रहा है। इसमें प्रशासन, सहकारिता और पंजीयन विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। शिविर के लिए कालोनी में छह कैबिन बनाए जा रहे हैं। पात्र सदस्यों द्वारा पेश किए गए दस्तावेजों के बाद हर सदस्य की एक फाइल बनाई जाएगी। हर दस्तावेज के सत्यापन के बाद स्पष्ट होगा कि कौन सही दावेदार है। पहचान-पत्र के रूप में आधार कार्ड, पेन कार्ड आदि मान्य किए जाएंगे।
एक महीने से चल रही है आवंटन की तैयारी, रजिस्ट्रियों की तलाश
मजदूर पंचायत संस्था की पुष्प विहार कॉलोनी में भूखंड आवंटन की तैयारी प्रशासन एक महीने पहले से कर रहा है। इसके लिए पंजीयन विभाग से कालोनी की सभी रजिस्ट्रियों की कापी निकाली जा रही है। कलेक्टर मनीष सिंह ने इस काम की जिम्मेदारी महू एसडीएम अभिलाष मिश्रा को सौंपी है। बताया जाता है कि अब तक 1700 से अधिक रजिस्ट्रियां मिल चुकी हैं। संस्था के पूर्व प्रबंधक नसीम हैदर ने यहां कई फर्जी रजिस्ट्रियां भी कर दी हैं। सदस्यों को पहले से बिके भूखंडों पर भी दोबारा रजिस्ट्री होने का अंदेशा है।