Dev Deepawali Indore: देव दीपावली पर दीपों से सजे देवालय, लगा महाभोग
Updated: | Mon, 30 Nov 2020 08:54 PM (IST)Dev Deepawali Indore, इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। देव दीपावली कार्तिक पूर्णिमा सोमवार को श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिरों में आराध्य का श्रृंगारकर महाभोग लगाया गया। साथ ही देव दीपावली पर दीपों से देवालयों को सजाया गया। इस दिन मान्ध चंद्र ग्रहण भी था लेकिन इसका धार्मिक दृष्टि से महत्व नहीं होने से कोई यम-नियम और सूतक प्रभावी नहीं रहा।
लक्ष्मी वेंकटेश देवस्थान छत्रीबाग पर दीपोत्सव के अवसर पर प्रभु वेंकटेश के दर्शन दीपों की रोशनी में हुए। मुख्य द्वार से लेकर देवस्थान में सैकड़ों दीपों से सजावट की कई। देवस्थान के पंकज तोतला ने बताया कि इस अवसर पर स्वामी विष्णुप्रपन्नाचार्य महाराज द्वारा महाआरती की गई। इसके बाद आरती की गई।
गो भक्तों ने किया दीपदान
केशरबाग रोड स्थित अहिल्या माता गोशाला में गो भक्तों ने दीप दान किया। इस अवसर पर आकर्षक पुष्प और विद्युत सज्जा की गई थी। चंद्रमा को गाय के दूध से युक्त जल से अर्घ्य दिया गया। इस अवसर आकर्षक रंगोली बनाई गई। इस मौके पर रवि सेठी, पुष्प धनोतिया आदि मौजूद थे।
भगवान वेंकटेश को लगाया छप्पन भोग
पद्मावती वेंकटेश देवस्थान विद्या पैलेस कालोनी में भगवान वेंकटेश को छप्पन भोग लगाया गया। इसमें भगवान के श्रृंगारित स्वरूप के दर्शन भक्तों ने किए। कोरोना के चलते प्रसाद वितरण नहीं किया गया।
56 जरूरतमंदों लोगों को दिया राशन
दत्त माऊली सद्गुरु अण्णा महाराज संस्थान द्वारा पलसीकर कालोनी में 56 जरूरतमंदों को राशन प्रदान किया गया। इस सामग्री को पहले भगवान दत्तात्रेय के समक्ष भोग लगाया गया। इसके बाद दाल, चावल, आटा और अन्य सामग्री दी गई। इस अवसर पर अण्णा महाराज और सांसद शंकर लालवानी आदि मौजूद थे।
Posted By: sameer.deshpande@naidunia.com