इंदौर में राष्ट्रध्वज के तीन रंगों से करेंगे देवी-देवताओं का श्रृंगार, तिरंगा रोशनी से जगमगाएंगे मंदिर
गणतंत्र दिवस पर नगर के धार्मिक स्थलों पर भी देशभक्ति का उल्लास छाएगा।
Updated: | Tue, 25 Jan 2022 06:50 AM (IST)इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। गणतंत्र दिवस का उल्लास नगर के धार्मिक स्थलों पर भी 26 जनवरी को छाएगा। इस अवसर पर आराध्य का श्रृंगार राष्ट्रभक्ति की थीम पर होगा। खजराना गणेश मंदिर का शिखर और भगवान की मूर्तियां केसरिया, सफेद और हरे तीन रंगों की रोशनी से जगमगाएंगी। इधर वैष्णवधाम पर मां दुर्गा, मां कालका और मां सरस्वती को भी तिरंगे के तीन रंगों से सजाएंगे। नगर के पश्चिम क्षेत्र स्थित पंचमुखी हनुमान की साज-सज्जा तीन रंगों के गुब्बारों से होगी और तीन रंगों की रोशनी से मंदिर जगमगाएगा।
खजराना गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट बताते हैं कि गणतंत्र दिवस का हर भारतीय के लिए विशेष महत्व है। इस अवसर पर मंदिर में विशेष विद्युत सज्जा की जाएगी। इसके जरिए भगवान गणेश की मूर्ति तिरंगे के तीन रंगों से दमकेगी। साथ ही भगवान का सुबह पंचामृत स्नान होगा और भगवान को चोला चढ़ाया जाएगा
वैष्णवधाम में तीन रंगों से होगा तीन देवियों का श्रृंगार - जागृति महिला मंडल द्वारा वैष्णवधाम बिचौला मर्दाना पर राष्ट भक्ति की थीम पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इस अवसर पर मां दुर्गा, मां कालका और मां सरस्वती का श्रृंगार केसरिया, सफेद और हरे रंग से होगा। मंडल के अनुसार श्रृंगार मंगलवार रात 10 पूरा हो जाएगा, जिससे भक्त अगले दिन तीन देवियों के मनोहारी श्रृंगार के दर्शन कर सकें। इसके साथ ही देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी कलाकारों द्वारा दी जाएगी। हंसदास मठ के पवन शर्मा ने बताया कि मठ में मंदिर पर आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी।
माहेश्वरी समाज की पहल, लगे हर घर पर तिरंगा - अन्नपूर्णा क्षेत्र माहेश्वरी समाज ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर हर घर पर तिरंगा लगे अभियान की शुरुआत की। इसके लिए इंटरनेट मीडिया के जरिए इस दिन की महत्ता की जानकारी देते हुए घरों पर तिरंगा लगाने की पहल की गई है। अध्यक्ष मनीष बिसानी और अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के सदस्य रामस्वरूप मूंदड़ा ने बताया कि हमारे राष्ट्रीय पर्वों को पारंपरिक दीपावली त्योहार जैसा मनाया जाना चाहिए। इसके लिए हर घर पर तिरंगा लगाने तथा राष्ट्रगान गाने का अनुरोध किया जा रहा है। संस्था द्वारा 26 जनवरी को मल्हारी मार्तण्ड मंदिर, उषा नगर पर झंडावंदन सुबह 9.30 बजे किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रभक्ति पर आधारित स्लोगन व गायन प्रतियोगिता होगी।
Posted By: Hemraj Yadav