Indore Crime News: चेन व मोबाइल लूट की घटनाओं का पता नहीं लगा सकीं पुलिस
Updated: | Mon, 18 Jan 2021 11:18 AM (IST)इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि,Indore Crime News। लॉकडाउन खुलने के बाद चेन व मोबाइल लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। चेन व मोबाइल लूट की अधिकतर घटनाएं विजय नगर क्षेत्र में हुई हैं। इनमें से कइयों में तो पुलिस ने रिपोर्ट भी नहीं लिखी। वहीं जिनमें रिपोर्ट हुई उसके आरोपितों का पुलिस अब तक पता नहीं लगा सकी है। पुलिस की लापरवाही के कारण यही आरोपित खुले आम घूमकर नए लोगों के साथ वारदात कर रहे हैं।
विजय नगर थाना पुलिस उन्हीं घटनाओं पर केस दर्ज करती है, जो मामले चर्चाओं में आ जाते हैं। करीब एक महीने पहले ही बॉम्बे अस्पताल से सत्य सांई चौराहे के बीच एक महिला का पर्स लूटने की कोशिश की। पिछले दिनों निपानिया में रहने वाली 45 वर्षीय महिला देवकी शर्मा शिकायत करने थाने पहुंची तो वहां बैठे पुलिसकर्मियों ने कहा कि लूट नहीं हुई तो मामला दर्ज नहीं होगा। देवकी ने जिद की और कहा कि बाइक सवार ने तो बैग लूट ही लिया था, लेकिन जैसे-तैसे करके छुड़ाया। हालांकि बाइक सवार बदमाश भाग गए। इसके बाद पुलिस ने केवल आवेदन लेकर महिला को वहां से घर भेज दिया। वहीं सयाजी होटल के पीछे भी एक मोबाइल लूट की घटना हुई और केस दर्ज है, लेकिन अपराधी फरार घूम रहे हैं।
ये हैं पुराने लूट के मामले, जिनमें पुलिस लापरवाह
26 अक्टूबर 2019
लूट के बजाय चोरी का केस दर्ज
विजय नगर इलाके में स्कीम नंबर-74 में आकांशा जैन (52) रहती है। शनिवार दोपहर 12 बजे वे पैदल घर जा रही थी। घर से थोड़ी दूर पीछे से आए बाइक सवार ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन ली। अचानक हुई घटना के चलते महिला पहले कुछ समझ पाती इसके पहले बाइक सवार भाग निकला। शोर मचाते हुए कुछ दूरी तक महिला दौड़ी भी लेकिन वह हाथ नहीं लगा। जिस जगह घटना हुई वह सुनसान था। इसलिए कोई मदद के लिए भी नहीं आया। विजय नगर पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर लूट के बजाय चोरी का केस दर्ज किया। घटना में लूट की धारा में केस दर्ज होना था। लेकिन पुलिस ने धारा लगाने में जादूगरी दिखा दी। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया था, जो अब तक पूरी नहीं हो सकी।
10 जुलाई 2019
केस दर्ज नहीं होगा सिटीजन कॉप पर करें शिकायत
विजय नगर पुलिस थाना क्षेत्र स्थित भमोरी प्लाजा पर लगने वाले पुलिस चेकिंग पॉइंट के पास 10 जुलाई को रात करीब 11 बजे लूट की घटना हुई थी। काउंसलर शिव पिता प्रकाश तिवारी निवासी अंजनी नगर ( भमोरी) की शिकायत पर केस दर्ज किया है। शिव ने बताया कि उसका विजय नगर चौराहे पर ऑफिस है। वह घटना वाले दिन रात को मोबाइल पर बात करते हुए पैदल घर जा रहा था। चेकिंग पॉइंट से कुछ दूर पहले बाइक सवार दो बदमाश सामने से आए। दोनों ने बाइक रोकी और मोबाइल से बात करने के लिए मांगने लगे। मना किया तो धमकाया और चले गए। इसके बाद वह जैसे ही चेकिंग पॉइंट पर पहुंचा। दोनों बदमाश वापस आए और हाथ से मोबाइल लूटकर भाग गए। विजय नगर थाना पुलिस के जवानों ने सिटीजन कॉप पर शिकायत करने का बोला। इसके बाद वह जब दोबारा थाने में केस दर्ज करने की जिद की, तब मामला दर्ज हुआ। इसके बाद पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने में कोई प्रयास नहीं किए।
Posted By: gajendra.nagar