बहन के ब्वॉयफ्रेंड को मिलने के लिए बुलाया, दूसरे दिन मिली उसकी लाश
Updated: | Mon, 08 Mar 2021 10:37 AM (IST)इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। स्कीम-94 निवासी 24 वर्षीय किशन निहाले की चित्रा नगर में रहने वाले अनिल पांचाल ने गला रेत कर हत्या कर दी। किशन का आरोपित की बहन तनु से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार रात आरोपित किशन को बातचीत के लिए खाली मैदान में ले गया और शराब पिलाकर हत्या कर दी। पुलिस ने रवि सहित चार को हिरासत में लिया है। लसूड़िया थाना पुलिस के अनुसार किशन पुत्र बद्रीलाल निहाले लोडिंग वाहन चलाता था। चित्रा नगर निवासी तनु से उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे थे। आरोपित अनिल इस बात से नाराज था। शुक्रवार रात उसने किशन की हत्या का षड्यंत्र रचा और उसके ममेरे भाई शिवा के मोबाइल पर काल कर पिपल्याकुमार वाइन शाप के समीप मिलने बुलाया।
आरोपित अनिल दस मिनट में आने का बोलकर किशन को बाइक से ले गया। दोनों रातभर नहीं लौटे और उसका फोन भी बंद हो गया। सुबह किशन के भाई करण को खबर मिली कि किशन का तो कत्ल हो गया है। करण तत्काल शिवा को लेकर थाने पहुंचा और दोपहर गुमशुदगी दर्ज करवाई। रात करीब 2 बजे लोहामंडी स्थित खाली भूखंड में किशन का शव मिल गया। उसका गला रेता गया था। गले में कार्टन बांधने की प्लास्टिक की रस्सी लपेटी हुई थी। पुलिस ने अनिल के साथी रवि, राहुल नायक, पंकज और इमरान को हिरासत में ले लिया है।
कलाली से शराब ले जाते दिखा आरोपित का साथी : गुमशुदगी लिखवा कर स्वजन और पुलिसकर्मी अनिल और किशन को ढूंढ रहे थे। निरंजनपुर कलाली के फुटेज में रवि शराब ले जाते दिख गया। उसे पकड़ा तो उसने अनिल द्वारा हत्या करना स्वीकार लिया। अनिल की आखिरी लोकेशन शाजापुर के समीप की मिली है।