Indore News: इस बार पैकेट में मिलेगा गुरु का लंगर, नहीं निकलेगा नगर कीर्तन
Updated: | Sat, 28 Nov 2020 02:24 PM (IST)इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि,Indore News। गुरुनानक देव महाराज के प्रकाश पर्व पर दो दिनी कीर्तन दीवान गुरु तेग बहादुर स्टेडियम राजमोहल्ला में सजाया जाएगा। इस बार कोरोना संक्रमण के चलते नगर कीर्तन नहीं निकाला जाएगा। इसके साथ ही गुरु का लंगर भी बैठाकर खिलाने की बजाय पैकेट में दिया जाएगा। लंगर का वितरण सुबह से ही शुरू हो जाएगा। संगत से अपील की गई है कि वे मास्क पहनने के साथ शारीरिक दूरी का ख्याल विशेष रूप से करें।
श्री गुरुसिंघ सभा के अध्यक्ष मनजीत सिंह भाटिया और सचिव जसबीर सिंह गांधी ने बताया कि कोरोना को देखते हुए दो दिनी दीवान का आयोजन किया गया है। इसके साथ ही लंगर पैकेट में प्रदान किए जाएंगे। कोरोना से बचाव के लिए प्रकाश पर्व के आयोजन के स्वरूप में कुछ बदलाव किए है। 29 नवंबर को नितनेम साहिब का सामूहिक पाठ सुबह आठ से सवा नौ बजे, भाई तवनीत सिंह (चंडीगढ़) का शब्द कीर्तन सुबह 9.15 से 10.30 बजे, भाई गुरमीत सिंह का शब्द कीर्तन सुबह 10.30 से 11.45 बजे तक होगा। इसके बाद कथावाचक गुरदीप सिंह सुबह 11.45 से दोपहर एक बजे तक संबोधित करेंगे। शाम को रहिरास साहिब का पाठ शाम 5.45 से 6.15 बजे तक, भाई जुझार सिंह का शब्द कीर्तन शाम 6.15 से सात बजे तक, भाई गुरदीप सिंह का कीर्तन रात 7.45 बजे से 8.30 तक और इसके बाद भाई गुरमीत सिंह का कीर्तन होगा।
अगले दिन प्रकाश पर्व पर 30 नवंबर को दीवान की शुरुआत सुबह नितनेम साहिब के साथ होगी। सुखमनी साहिब का पाठ सुखमणि सोसायटी द्वारा सुबह 7.15 बजे से किया जाएगा। सुबह 8.30 बजे से 2.15 बजे तक विभिन्न् कीर्तनकारों के कीर्तन होंगे। शाम को दीवान की शुरुआत रहिरास साहिब के पाठ के साथ शाम 5.45 बजे होगी। कीर्तनकारों के शब्द कीर्तन शाम 6.15 से रात 9.30 बजे तक होंगे। इसके साथ दो दिनी दीवान का समापन होगा।