Indore News: दो दिनी सलिला साहित्य सम्मान समारोह 19 से, शहर की लेखिका भी होंगी सम्मानित
Updated: | Wed, 02 Dec 2020 12:37 PM (IST)इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि,Indore News। राजस्थान की सलिला संस्था द्वारा आयोजित किए जाने वाले 11वें सलिला साहित्य सम्मान की घोषणा कर दी गई है। यह सम्मान समारोह 19 व 20 दिसंबर को होगा। कोरोनाकाल के कारण इस बार यह आयोजन वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर होगा। इस सम्मान समारोह में इंदौर की रचनाकार ज्योति जैन को भी सम्मानित किया जाएगा।
'सलिला साहित्य रत्न" सम्मान हेतु बाल कहानी विधा के अंतर्गत मुंबई के समीर गांगुली की नटखटी चटपटी दस कहानियों के संग्रह 'कहानी पार्क" को चुना गया है। दोहा विधा की पुस्तक 'कृष्ण कहे, अर्जुन सुने" के लिए श्रीगंगानगर के लेखक डॉ. संदेश त्यागी को सम्मानित किया जाएगा। यात्रा वृत्तांत विधा के अंतर्गत 'यात्राओं का इंद्रधनुष" की लेखक ज्योति जैन को पुरस्कृत किया जाएगा। पूरा देश इस वर्ष महात्मा गांधी की 150वीं जन्म शताब्दी मना रहा है। इस अवसर पर सलिला संस्था द्वारा अंग्रेजी की पुस्तक 'डेस्टिनेशन काकोरी" लेखक स्मिता ध्रुव को भी सम्मान के लिए चयनित किया गया है। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी ओंकारलाल शास्त्री स्मृति पुरस्कार के तहत् मेवाड़ गौरव अलंकरण सम्मान उदयपुर के डॉ. प्रेम भंडारी को दिया जाएगा। वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर होने वाले इस दो दिनी आयोजन में विभिन्ना सत्र आयोजित होंगे।
सलिला संस्था की अध्यक्ष डॉ. विमला भंडारी ने बताया कि 19 दिसंबर को शाम 7 बजे फेसबुक पर वेबीनार होगा। मुख्य अतिथि गांधीवादी लेखक आरके पालीवाल होंगे। अध्यक्षता डॉ.जयश्री शर्मा करेंगी। लेखक से मिलिए कार्यक्रम के दौरान कहानीकार सुधा जुगरान वक्ता के रूप में रहेंगी। 20 दिसंबर को सुबह 11.30 पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम होगा। इसमे पांच पुस्तकों का लोकार्पण व समीक्षा की जाएगी। लोकार्पण सत्र के मुख्य अतिथि डॉ. राकेश शर्मा होंगे। अध्यक्षता डॉ. कृष्णकुमार आशु करेंगे। तीसरा सत्र शाम सात बजे कवि दरबार नाम से होगा। इसमें बच्चे रचनाएं सुनाएंगे। इसके अलावा डॉ. परशुराम शुक्ल के बाल काव्य में पर्यावरण चेतना पर शोध पत्र पढ़ा जाएगा।