दीपावली पर्व पर इंदौर आने-जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट
दीपावली पर इंदौर आने वाली और दीपावली बाद इंदौर से जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ने लगा है।
By Prashant Pandey
Edited By: Prashant Pandey
Publish Date: Sun, 22 Sep 2019 11:17:55 AM (IST)
Updated Date: Sun, 22 Sep 2019 11:26:21 AM (IST)

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। दीपावली पर इंदौर आने वाली और दीपावली बाद इंदौर से जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ने लगा है। खासतौर पर मुंबई-पुणे और दिल्ली रूट की ट्रेनों पर दीपावली के आसपास कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। पुणे-इंदौर एक्सप्रेस की हालत सबसे ज्यादा खराब है जिसमें दो दिन तो स्लीपर में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 350 से 400 तक जा पहुंचा है। इसी तरह मुंबई-इंदौर अवंतिका एक्सप्रेस में भी एक दिन स्लीपर श्रेणी में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 350 के पार पहुंच गया है। परेशानी यह है कि तकरीबन सभी श्रेणियों में दीपावली के आसपास लंबी प्रतीक्षा सूची है।
हालत यह है कि अब तक रेलवे ने दीपावली पर मुंबई-इंदौर या पुणे इंदौर के लिए किसी तरह की स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा नहीं की है। यदि रेलवे अभी भी घोषणा कर दे और यात्रियों को जानकारी मिल जाए तो प्रतीक्षा सूची वाले यात्री टिकट निरस्त कराकर स्पेशल ट्रेन में शिफ्ट हो जाएंगे। यदि रेलवे ने स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई तो इंदौर आनेजाने वाले यात्रियों को मजबूरन बसों में तीन से चार हजार रुपए का किराया देकर सफर करना पड़ेगा।
तो भेजेंगे स्पेशल ट्रेन का प्रस्ताव
यदि कुछ ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची ज्यादा बढ़ गई है तो दीपावली पर स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजेंगे। मैं अभी बाहर हूं। सोमवार को मुंबई-पुणे रूट की ट्रेनों की प्रतीक्षा सूची की जानकारी लूंगा। - आरएन सुनकर, डीआरएम, रतलाम रेल मंडल
![naidunia_image]()