Naidunia Women’s Scooter Rally: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ देखेगा सजग और सबल नारी शक्ति के आत्मविश्वास का कारवां
Updated: | Sun, 07 Mar 2021 08:12 PM (IST)Naidunia Women’s Scooter Rally इंदौर (टीम नईदुनिया)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति की आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास को सम्मानित करने के लिए नईदुनिया एक अनूठा आयोजन कर रहा है। विमेंस स्कूटर रैली के रूप में जब नारी शक्ति का कारवां सड़कों से गुजरेगा तो प्रदेश भर में लोग आज की नारी के गौरव और स्वाभिमान की झलक देखेंगे। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों में आठ मार्च को निकाली जा रही इस रैली का उद्देश्य महिलाओं की स्वाधीनता, आत्मनिर्भरता जैसे जीवन मूल्यों को और दृढ़ता प्रदान करना है।
नईदुनिया समूह ने अपने सात सरोकारों सुशिक्षित समाज, स्वस्थ समाज, नारी सशक्तीकरण, गरीबी उन्मूलन, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनसंख्या नियोजन में न सिर्फ महिला सशक्तीकरण को भी शामिल किया है बल्कि इसके लिए बेहतर प्रयास भी किए हैं। इसी के तहत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भी यह अनूठा आयोजन हो रहा है।
विमेंस स्कूटर रैली में बड़ी संख्या में मां-बेटी, सास-बहू, बहनें या सहेलियों सहित अन्य महिलाएं जोड़ी के रूप में भागीदारी कर रही हैं। दो पहिया वाहन रैली के रूप में महिलाएं समाज को ये संदेश भी देंगी कि जिस तरह वे दो पहियों के वाहन को आसानी से संतुलित होकर चलाती हैं वैसे ही जीवन में भी कर्तव्य, अनुशासन और आत्मविश्वास जैसे पहियों से तेजी से आगे बढ़ सकती हैं। वे स्वयं हर परिस्थिति का सामना करने में सक्षम हैं। इसके साथ ही रैली कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता संदेश भी देगी। रैली में शामिल होने वाली महिलाओं को हेलमेट पहनना अनिवार्य है।
मध्य प्रदेश- छत्तीसगढ़ के 21 स्थानों पर निकलेगी विमेंस स्कूटर रैली
नईदुनिया विमेंस स्कूटर रैली मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के 21 शहरों में निकलेगी। इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, भोपाल, विदिशा, सीहोर, गुना,सागर, रायसेन, अशोक नगर के अलावा छत्तीसगढ़ के रायपुर, भिलाई सिटी, राजनांदगांव, जगदलपुर, महासमुंद, बिलासपुर सिटी, पेंड्रा, रायगढ़, अंबिकापुर और कोरबा में महिलाएं इस रैली में शामिल होंगी।