Khajrana Ganesh Indore: खजराना गणेश मंदिर में मनाया शुभ-लाभ का प्रतिष्ठा दिवस, पहनाए राजसी वस्त्र
Updated: | Mon, 30 Nov 2020 08:29 PM (IST)Khajrana Ganesh Indore, इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। खजराना गणेश मंदिर में विराजित शुभ-लाभ का प्रतिष्ठा दिवस सोमवार को श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर गणेश परिवार को मोतियों से सजे राजसी वस्त्र पहनाए गए। इससे पहले सुबह ब्रह्म मुहूर्त में अभिषेक पूजन हुआ। मंदिर को अलग-अलग किस्मों के फूलों के साथ गुब्बारों से भी सजाया गया था।
शुभ-लाभ गणेश्वरी संस्था द्वारा आयोजित प्रतिष्ठा दिवस समारोह में पंडितों के सान्निध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद आरती कर छप्पन भोग लगाया गया। मंदिर का यह मनोहारी स्वरूप भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र बना। संस्था अध्यक्ष आशुतोष शर्मा एवं महेश शर्मा ने बताया कि 13 साल पहले शुभ-लाभ की प्राण-प्रतिष्ठा मंदिर में की गई थी। इसके बाद से हर साल प्रतिष्ठा दिवस मनाया जा रहा है। इस बार कोरोना को देखते हुए मानव सेवा के कई कार्य भी किए गए।
एमवाय अस्पताल में बुजुर्गों और मरीजों को चाय, नाश्ता, सुबह-शाम भोजन भी कराया गया। इस दौरान मास्क और शारीरिक दूरी के नियम का पालन किया गया। भगवान गणेश का दुग्ध, घी, फल, जल और इत्र से अभिषेक किया गया। भगवान को पहनाए गए रजत वस्त्रों में आकर्षक नक्काशी की गई थी। इसे मोतियों से सजाया गया था। इन पर गणेश सूंड, त्रिशूल, भौहें, तिलक बनाए गए थे। शुभ-लाभ की शेरवानी, मुकुट और रिद्धि-सिद्धि को राजस्थानी वा पहनाए गए थे। खजराना गणेश का यह शृंगारित रूप देखने के लिए सुबह से मध्यरात्रि तक भक्तों का तांता मंदिर में लगा रहा।
Posted By: sameer.deshpande@naidunia.com