Safe City Indore: बच्चों को नारी सम्मान और गुड टच बैड टच के बारे में बताया
Updated: | Sun, 24 Jan 2021 01:52 PM (IST)इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि Safe City Indore। सेफ सिटी कार्यक्रम के तहत शहर में नारी सुरक्षा और नारी सम्मान को लेकर कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को निपानिया स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में इसी के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें स्कूल की छात्राएं और स्लम एरिया की बालिकाएं और महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में सभी को महिला अपराध की जानकारी दी गई। इसके अलावा इंदौर जिले में महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने की मुहिम के तहत समस्त सार्वजनिक स्थानों पर महिला अपराध ना हो इस संबंध में वहां मौजूद सभी लोगों को शपथ दिलवाई गई।
इस कार्यक्रम के दौरान स्कूल के बच्चों को गुड टच बैड टच के बारे में बताया गया। उन्हें बताया गया कि यदि कोई अनजान व्यक्ति उन्हें परेशान करें तो अपने आस-पास के लोगों से किस तरह की मदद ले सकते हैं और किस तरह अपनी परेशानी को बता सकते हैं। इस कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक डॉ. वंचना सिंह परिहार और विजया देवड़ा शामिल हुईं। उन्होंने यहां उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा और सार्वजनिक स्थानों पर किसी तरह की छेड़छाड़ या परेशानी होने पर किस तरह पुलिस या वन स्टॉप सेंटर से मदद प्राप्त की जा सकती है, इसके बारे में बताया।
इस कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब, लायंस क्लब और सनशाइन व यंग इंडिया सहित कई संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा और सेफ सिटी को लेकर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। यहां मौजूद सामाजिक संगठनों ने बच्चों को प्रेरणादायक फिल्म भी दिखाई गई।