Jabalpur News: नेताजी के चरणों में रचनात्मक श्रद्धांजलि से देशभक्ति की भावना का हुआ संचार : शिवराज
Updated: | Sun, 07 Mar 2021 06:28 AM (IST)जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। राष्ट्रनायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 125 वीं जयंती पर उनके चरणों में रचनात्मक श्रद्धांजलि से देशभक्ति की भावना का संचार हुआ है। कैनवास पर नेताजी के जीवन को चित्रित करने वाले सभी कलाकारों को मेरी ओर से बधाई और शुभकामनाएं। इस आशय के उद्गार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहीद स्मारक, गोलबाजार में व्यक्ति किए। वे राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (एनजीएमए) के तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहे थे।
उन्होंने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद पटेल व एनजीएमए के महानिदेशक अद्धैत गड़नायक को इस तरह के आयोजन के लिए साधुवाद दिया। साथ ही नेताजी के जबलपुर से जुड़ाव को याद किया। इस दौरान पूर्व मंत्री जालिम सिंह, विधायक अजय विश्नोई, सुशील तिवारी इंदू, अशोक रोहाणी, तरुण भनोत, विनय सक्सेना, पूर्व महापौर डॉ.स्वाति व सदानंद गोडबोले, प्रभात साहू, पूर्व विधायक हरेंद्रजीत सिंह बब्बू, अभिलाभ पांडे, आलोक जैन व रवींद्र बाजपेयी सहित अन्य मौजूद रहे।
400 मीटर के कैनवास पर 170 कलाकारों की मेहनत रंग लाई : मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल व एनजीएमए के महानिदेश अद्धैत गड़नायक के साथ संपूर्ण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रत्येक कला-समूह के साथ चर्चा कर उनकी कला की तारीफ करते हुए हौसला बढ़ाया। नेताजी की याद व मुख्यमंत्री के स्वागत में युवतियों के म्युजिकल बैंड ने राष्ट्रवादी धुनें बजाकर वातावरण को गरिमा प्रदान की। दूसरी तरफ एक कैनवास पर रंगोली के जरिये नेताजी की छवि साकार कर दी गई।
नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित, पदचिन्हों का किया अवलोकन : मुख्यमंत्री ने सबसे पहले नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उनके पदचिन्हों का अवलोकन किया। इस दौरान बड़े खाली कैनवास पर रंग-भरी मटकियां फूटते ही रंग की धार से इंद्रधनुषी लाइव पेंटिंग साकार होने लगी। गोंडी पेंटिंग का रेलिंगनुमा कैनवास खूब सराहा गया। गोंडी कलाकारों ने लोकगीत के जरिये मुख्यमंत्री का अभिवादन करते हुए नेताजी का जयहिंद नारा उच्चारित किया। एक नन्हीं बालिका ने मुख्यमंत्री को गुलाब का फूल भेंट किया।