Jabalpur News: बिजली कंपनी ने निगम से वसूली के लिए काटी लाइन
Updated: | Sat, 28 Nov 2020 01:07 PM (IST)जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। बिल वसूलने के लिए सार्वजनिक सुविधाओं की भी परवाह बिजली विभाग नहीं कर रहा है। नगर निगम ने जल और प्रकाश से जुड़े बिजली बिल की वक्त पर भरपाई नहीं की तो विभाग ने इसे भी बंद करना शुरू कर दिया है। जिसका खामियाजा आम आदमी में भुगतना पड़ रहा है। देर रात सड़कों पर घूमने वालों को अंधेरे में निकलना पड़ रहा है। सड़क ठंड के कोहरे के बीच अंधेरे में डूब गई है।
नगर संभाग पूर्व ने सदर के कैंट इलाके में बिजली सप्लाई बंद कर दी है। इस वजह से दर्जनों स्ट्रीट लाइट सदर में बंद हो गई है। इसके अलावा बर्न कंपनी से लगी सड़क की भी पूरी सप्लाई बंद हो गई। सिर्फ इतना ही नहीं बिजली विभाग ने गत दिवस नगर निगम के गढ़ा जोन भी सप्लाई बंद कर दी है। जिसके कारण विभाग के कम्प्यूटर सिस्टम बंद हो गए है। यहां नगर निगम से जुड़े काम के लिए पहुंचने वाले बिजली नहीं होने से निराश है। सारे काम बंद हो गए है। इसके अलावा पानी की सप्लाई को लेकर भी ऐसा ही किया गया है। विभाग ने पानी की सप्लाई करने वाले सार्वजनिक पंपों की भी सप्लाई बंद की है। इधर अधिकारियों का कहना है कि उनके सामने राजस्व जुटाने की मजबूरी है। शासन स्तर पर इसके लिए लगातार दवाब बन रहा है इसलिए सार्वजनिक सुविधाओं को भी छोड़ा नहीं जा रहा है। नगर निगम की तरफ से समय पर भुगतान नहीं करने को लेकर राजस्व की कमी बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि फंड की कमी के कारण ही कई विकास से जुड़े कार्य भी निगम प्रशासन को रोकने पड़े है। वहीं अन्य खर्चो में कटौती की गई है।
वर्जन..
सदर कैंट इलाके का 6 लाख से ज्यादा बिजली बिल बकाया होने के कारण बिजली सप्लाई बंद की गई है। जहां भी बकाया है उनके खिलाफ बिजली काटने की कार्रवाही हो रही है।
नीरज परस्ते, कार्यपालन अभियंता नगर संभाग पूर्व