Jabalpur Latest News: जबलपुर के विज्ञानी ने ओडिशा के गंजाम में खोजी पतली छिपकली
Updated: | Fri, 27 Nov 2020 10:38 PM (IST)जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि।
देश और दुनिया में विभिन्न प्रजातियों के जीव- जंतु मौजूद हैं, जिनकी खोज में भारतीय प्राणि सर्वेक्षण का अमला व्यस्त है। इसमें जबलपुर के एक विज्ञानी ने ओडिशा प्रांत के गंजाम में पतली छिपकली खोज निकाली है। भारतीय प्राणि सर्वेक्षण व प्राणी संग्रहालय ने कुछ समय पहले ही विज्ञानी डॉ. प्रत्युष मोहपात्रा की खोज को प्रकाशित किया है।
भारतीय प्राणि सर्वेक्षण के विज्ञानी डॉ. मोहपात्रा ने बताया कि गंजाम की पतली छिपकली गंजाम सिलेंडर गेको प्रजाति ओडिशा के गंजाम में करीब एक किलोमीटर के दायरे में ही पाई गई है। आम जगह मिलने वाली छिपकली से इसकी मोटाई कम और लंबाई ज्यादा होती है। इस छिपकली का गंजाम के एक मंदिर परिसर में लगे आम के पेड़ पर बसेरा है। इस प्रजाति की छिपकली अब तक अन्य जगह नहीं पाई गई। इसका कारण प्राकृतिक जलवायु है।
जबलपुर में पीली बिच्छू:
डॉ. मोहपात्रा ने बताया कि जबलपुर का पर्यावरण अन्य सभी स्थानों से अलग है। इसलिए वर्ष-2007 में जिले में कटंगी के पास पहाड़ी क्षेत्र में पीली बिच्छू पाई गई। प्राणि सर्वेक्षण कार्यालय के विज्ञानियों ने उक्त बिच्छू प्रजाति पर शोध किया, जिसमें सामने आया देश- दुनिया में पीली बिच्छू की यह प्रजाति सिर्फ जबलपुर में पाई जाती है। विभाग ने इस जीव के बारे में प्रकाशन किया और इंटरनेट पर जानकारी अपलोड की। इसलिए इस जीव को अब दुनिया में जबलपुर पीली बिच्छू के नाम से पहचान मिलती है।
बिच्छू और तितली की नई प्रजातियां:
भारतीय प्राणि सर्वेक्षण कार्यालय प्रभारी विज्ञानी डॉ. एस संबत ने बताया कि जबलपुर में बिच्छू और तितली की कुछ प्रजातियां मिली हैं, जिनके बारे में अब तक देश-दुनिया को जानकारी नहीं है। इसलिए इन जीवों की सभी हरकतें, उनके मिलने के स्थान आदि पर खोज की जा रही है। उम्मीद है कि एक साल बाद इन नई प्रजातियों का प्रकाशन किया जाएगा।
Posted By: Sunil Dahiya