दिन में संभलकर रात में फिर गिरा जबलपुर का तापमान
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से जबलपुर में पड़ रही कड़ाके की ठंड के असर से रात के तापमान का गिरना जारी है।
Updated: | Wed, 19 Jan 2022 10:06 AM (IST)
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से पड़ रही कड़ाके की ठंड के असर से रात के तापमान का गिरना जारी है। मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री तक नीचे चला गया। जबकि दिन में अधिकतम तापमान 21 डिग्री तक पहुंच कर संभला रहा। लेकिन रात में पड़ी जोरदार ठंड से घने कोहरे के बीच सुबह-सुबह चहुंओर कोहरे की चादर बिछी रही।
नदी-तालाब और खुले इलाकों में कोहरे के बीच ओस की बूंदे बिछी रही। सुबह-सुबह दूध लेने या अन्य जरूरी काम से आने-जाने वाले भीषण ठंड से परेशान होते रहे। सूरज ने जब धूप बिखेरी तक कहीं जाकर धूप की गर्माहट से राहत मिली। मौसम विभाग की माने तो अभी दो दिन ठंड का असर ऐसा ही रहेगा इसके बाद तापमान बढ़ने से ठंड कुछ कम हो जाएगी।
एक सप्ताह से कहर ढा रही ठंड: पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी से जबलपुर सहित मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जबलपुर में पिछले करीब एक सप्ताह से ठंड कहर ढा रही है। पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद ठंड ने जो पलटी मारी उससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगाें की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। लोग ठंड से बचने गर्म कपड़े तो पहन ही रहे है आग का सहारा भी ले रहे हैं। मौसम विभाग ने 22 जनवरी तक ऐसे ही ठंडक रहने की संभावना जताई है।
-----
ऐसे गिरा तापमान
- सोमवार को अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री से ठंड 1.5 डिग्री गिरकर 19.6 रहा।
- मंगलवार को थोड़ा संभल कर 21.4 डिग्री पर आ गया।
- न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री की गिरावट के साथ 7.8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है।
- बुधवार को सुबह 8:30 बजे न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रहा।