Dhanteras 2020: खंडवा में दो दिन मनाई जा रही धनतेरस, सुबह से शुरू हुई खरीददारी
Updated: | Thu, 12 Nov 2020 02:25 PM (IST)खंडवा, Dhanteras 2020। तिथियों की गड़बड़ के चलते धनतेरस खंडवा में 2 दिन मनाई जा रही है, गुरुवार को सुबह से ही धनतेरस की खरीददारी को लेकर बाजार में और रौनक छा गई। बर्तनों से देवी देवताओं की पीतल की मूर्तियों की पूछपरख दुकानों पर नजर आई। धनतेरस पर कुछ खास खरीदने के रिवाज के चलते मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक आयटम की दुकानों पर भी भीड़ रही। इधर सोना और चांदी की खरीदी में भी ग्राहकी ने जोर पकड़ा है, हालांकि सोने-चांदी का भाव अधिक होने से पिछले वर्ष की तुलना में ग्राहकी 30 प्रतिशत ही बताई जा रही है। गौरतलब है कि गुरुवार को रात्रि 9.29 मिनट से तेरस तिथि लग रही है। शुक्रवार को शाम 5.58 मिनट तक तेरस रहेगी। सूर्योदय से तिथियों की गणना पर विश्वास रखने वाले शुक्रवार को धनतेरस मनाएंगे। जबकि कुछ लोगों ने गुरुवार को धनतेरस ही धनतेरस मनाकर वस्तुओं की खरीदी की परंपरा निभाई।
पटाखा बाजार में बढ़ी रौनक
इधर दीपावली पर्व को लेकर पटाखा बाजार में रौनक बढ़ गई है। इस बार केवल पांच दिन के लिए ही पटाखा बाजार लगा है। व्यवसायियों ने बताया कि ग्राहकी अच्छी हो रही है। विदेशी पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित होने से इस बार अधिक वेरायटी नहीं है। धनतेरस से दीपावली पर्व की शुरुआत मानी जाती है। यही कारण है कि बाजार में पटाखों के साथ ही मिट्टी के दीपक और अन्य सजावटी सामग्री की बिक्री भी बढ़ गई है।