
MP Bulldozer News: हरिओम गाैड़, मुरैना नईदुनिया। पड़ोसी की दुकान पर अपने पिता के लिए बीड़ी का बंडल लेने आई छह साल की मासूम के साथ 31 साल के दुकानदार ने दुष्कर्म कर डाला। खून से लथपथ बच्ची बिलखते हुए घर पहुंची और आपबीती सुनाई। इसके बाद गांव से लेकर प्रशासनिक गलियारों में हडकंप मच गया। आरोपित, पूरे परिवार सहित फरार हो गया। इसके चार घंटे के भीतर ही प्रशासन ने कुकर्मी के घर पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया।
मासूम से दुष्कर्म की रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना मंगलवार की सुबह देवगढ़ थाना क्षेत्र के खिटोरा गांव में घटी। बताया गया है, कि सुबह 10 बजे के करीब 7 साल की बच्ची अपने घर से दो मकान छोड़कर रहने वाले रिंकू पुत्र मथुरी प्रसाद शर्मा की किराना दुकान पर अपने पिता के लिए बीड़ी का बंडल लेने गई थी। दुकान पर बैठे 31 साल के रिंकू की नीयत मासूम बालिका पर बिगड़ गई और बालिका को सामान देने के बहाने दुकान के पीछे बने घर के कमरे में ले गया। जहां बालिका का मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बालिका लहूलुहान हालत में बिलखते हुए अपने घर पहुंची और माता-पिता को आपबीती सुनाई। इससे पहले दुष्कर्मी दुकानदार के स्वजनों को भी इस घटना का पता चल गया। दुष्कर्मी रिंकू शर्मा अपने पूरे परिवार के साथ गांव से भाग गया। मामला थाने पहुंचा और रिंकू शर्मा पर पाक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
गांव बना छावनी, आरोपित का घर मलबे में बदलाः मासूम बच्ची से दुष्कर्म की घटना सामने आते ही गांव में तनाव जैसा माहौल हो गया। गुस्साए लोग आरोपित दुकानदार के खून के प्यासे हो गए और उसे आसपास खोजने लगे, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। मौके की स्थिति भांपकर जौरा एसडीएम विनोद सिंह, एसडीओपी मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार कल्पना शर्मा के साथ देवगढ़, चिन्नाौनी, बागचीनी, जौरा आदि थानों का पुलिस बल गांव में तैनात करवा दिया गया। इसके बाद दोपहर 1 बजे दुष्कर्म के आरोपित दुकानदार रिंकू शर्मा के घर पर बुलडोजर गरज पड़ा और आधा घंटे की कार्रवाई में पूरे घर को मलबे को ढेर बना दिया गया। अफसरों का तर्क है कि यह मकान अवैध था, जिसे लेकर कुछ दिन पहले ही नोटिस दिया गया था। पुलिस अफसरों ने मकान ढहाने की कार्रवाई का दुष्कर्म की घटना से कोई मेल नहीं बताया।
वर्जन
मोहल्ले की दुकान पर ही छह साल की बच्ची पिता के लिए बीड़ी का बंडल लेने गई थी। दुकानदार रिंकू शर्मा ने बच्ची को अकेला पाकर उसे कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया और फरार हो गया। इसका मकान अवैध था जिसे लेकर पहले ही नोटिस दिया जा चुका था। दुष्कर्म की घटना का मकान को ढहाने से कोई लेना-देना नहीं, वह कार्रवाई राजस्व विभाग की है।
मानवेंद सिंह, एसडीओपी, जौरा