UP News: चेहरे पर पिंपल्स के कारण टूट रहा था रिश्ता, परेशान लड़की ने की खुदकुशी
Uttar Pradesh News: पीड़ित परिवार के अनुसार लड़की अपने पिंपल्स की समस्या से परेशान थी। काफी उपचार के बाद भी चेहरे से मुंहासे नहीं हटे।
Updated: | Tue, 24 May 2022 03:43 PM (IST)Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक युवती ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मवेशियों को चारा-भूसा देकर लौटी मां और बहन ने शव को फंदे से पंखे पर लटके देखा। इस घटना के बाद परिवार में मताम छा गया। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अजीत पारा गांव का मामला
यह मामला बांदा जनपद के बिसंड़ा थाना क्षेत्र के अजीत पारा गांव का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लड़की का बार-बार रिश्ता टूट रहा था। जिस कारण वह काफी परेशान रहती थी। ऐसे में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
लड़की के चेहरे पर थे पिंपल्स
पीड़ित परिवार के अनुसार, 'लड़की चेहरे पर पिंपल्स की समस्या से परेशान थी। उसकी शादी के लिए कई रिश्ते आए, लेकिन कहीं बात नहीं बनी। हर बार लड़के वालों ने शादी से मना कर दिया। परिजनों ने आशंका जताई कि इससे ही दुखी होकर युवती ने खौफनाक कदम उठाया।'
मामले की जांच जारी
बिसंडा थाना प्रभारी केके पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आगे कहा, घरवाले इसे सुसाइड का मामला बता रहे हैं। हालांकि जांच के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
Posted By: Navodit Saktawat