Sourav Ganguly Health Update : सौरव गांगुली की दूसरी एंजियोप्लास्टी सफल, सर्जरी के बाद हालत स्थिर
Updated: | Thu, 28 Jan 2021 07:23 PM (IST)BCCI अध्यक्ष व पूर्व भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सौरव गांगुली की गुरुवार को दूसरी बार एंजियोप्लास्टी की गई। गांगुली की 26 दिनों के अंदर दूसरी बार दिल की सफल सर्जरी की गई। एंजियोप्लास्टी के बाद सौरव की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें कड़ी चिकित्सकीय निरीक्षण में रखा गया है। जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. देवी शेट्टी व अश्विन मेहता की मौजूदगी में सौरव के पारिवारिक चिकित्सक डॉ. आफताब खान ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। एंजियोप्लास्टी के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सौरव को देखने अस्पताल पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौरव से उनकी बातचीत हुई है। वे ठीक हैं और मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इससे पहले वरिष्ठ माकपा नेता व बंगाल के पूर्व शहरी विकास मंत्री अशोक भट्टाचार्य भी सौरव को देखने अस्पताल पहुंचे थे। अपोलो अस्पताल सूत्रों ने बताया कि सुबह सौरव का एंजियोग्राम किया गया। उसकी रिपोर्ट के आधार पर ही एंजियोप्लास्टी करने का फैसला लिया गया।