Coronavirus New Strain: 40 देशों ने ब्रिटेन यात्रा पर लगाया बैन, जानिए अभी तक की पूरी अपडेट
Updated: | Wed, 23 Dec 2020 08:09 AM (IST)कोरोना वायरस का नया रूप सामने आने के बाद दुनियाभर में हड़कंप मच गया है। अभी इसके सबसे ज्यादा मामले इंग्लैंड में दिखाई दिए हैं और दक्षिण इंग्लैंड में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन तेजी से फैल रहा है। इसलिए एहतियात के तौर पर भारत सहित 40 से ज्यादा देशों ने ब्रिटेन यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। यहां फ्रांस द्वारा लगाए यात्रा प्रतिबंध के कारण सबसे ज्यादा असर पड़ा है क्योंकि सीमा पर 1500 से ज्यादा ट्रक फंसे हुए है और हर किसी को क्रिसमस पर्व के चलते अपने-अपने घर पहुंचने की जल्दी है। ऐसा माना जा रहा है कि अगर ब्रिटेन पर यह यात्रा प्रतिबंध और ज्यादा लंबे समय तक जारी रहते हैं तो ब्रिटेन दुनिया में अलग-थलग पड़ सकता है और खाद्य सामग्री की किल्लत पैदा हो सकती है। वहीं प्रतिबंधों में ढील देने के लिए सोमवार को ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रो से भी बात की।
इन देशों ने बंद की ब्रिटेन से लगी सीमाएं
- स्कॉटलैंड ने ब्रिटेन से लगी सीमा को पूरी तरह बंद करते हुए यात्रा प्रतिबंध लगा दिए हैं।
- फ्रांस ने बीते 48 घंटे से ब्रिटेन से सड़क, रेल, समुद्र और वायु मार्ग के संपर्कों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
- जर्मनी दक्षिण अफ्रीका और ब्रिटेन से आवागमन वाले सभी साधनों पर 6 जनवरी तक के लिए बैन लगाया है।
- स्पेन और पुर्तगाल ने भी उड़ानों पर रोक लगा दी है। साथ ही हांगकांग ने भी यात्रा प्रतिबंध लगा दिए हैं।
ब्रिटेन से भारत आने वाले सभी नागरिकों की होगी जांच
इधर भारत ने भी ब्रिटेन से हवाई संपर्क पर प्रतिबंध लगाते हुए बीते 2 सप्ताह में आने वाले करीब 6 से 7 हजार यात्रियों का आरटीपीसीआर टेस्ट कराने का फैसला किया है। दिल्ली सरकार इन यात्रियों का घर-घर जाकर टेस्ट करेगी। साथ ही ब्रिटेन से आने वाले यात्रियों की क्वारंटाइन अवधि भी बढ़ा दी गई है।
Posted By: Sandeep Chourey