Alirajpur News: आलीराजपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। विधानसभा चुनाव चंद माह दूर हैं, इस बीच कांग्रेस संगठन में कलह के संकेत सामने आ रहे हैं। कुछ माह पहले ही जिला अध्यक्ष बनाए गए केसरसिंह डावर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। त्यागपत्र में उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है। हालांकि नईदुनिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि उन पर इस्तीफा देने के लिए संगठन स्तर से दबाव बनाया जा रहा था। इस कारण इस्तीफा दे दिया है। दबाव बनाने के पीछे की वजह उन्हें भी नहीं पता है।

गत फरवरी माह में जिला अध्यक्ष बनाए गए डावर के इस्तीफे ने कांग्रेस के भीतर गहमागहमी बढ़ा दी है। डावर ने बताया कि संगठन प्रभारी द्वारा उन्हें निरंतर इस्तीफा देने के लिए कहा जा रहा था। इसके पीछे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के निर्देशों का हवाला दिया गया। हालांकि इसकी वजह नहीं बताई गई।

संगठन प्रभारी के निर्देश पर उन्होंने युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को संगठन के नाम त्यागपत्र सौंप दिया है। डावर ने बताया कि उन्होंने पद से इस्तीफा दिया है, मगर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता के तौर पर आगे भी पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। सूत्र बताते हैं कि डावर से इस्तीफा मांगे जाने के पीछे पास के जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता की नाराजगी वजह रही है।

Posted By: Hemant Kumar Upadhyay

Mp
Mp