बालाघाट (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मुख्यालय से लगे ग्राम गोंगलई में संचालित कन्या शिक्षा परिसर की छात्राएं आज अचानक की पूर्व प्राचार्य योगेंद्र कुमार डोंगरे के विरुद्ध प्रदर्शन करना शुरु कर दिया और प्राचार्य वापस जाओं के नारे लगाने लगीं। हालांकि इस दौरान स्कूल प्रबंधन ने छात्राओं को समझाइश दी तो वे लोग वापस अपनी-अपनी कक्षाओं में चली गईं। छात्राओं के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिसकर्मी भी पहुंचे और उन्होंने छात्राओं से चर्चा की है।
इसलिए छात्राओं ने किया प्रदर्शन: बता दें कि पूर्व में कन्या शिक्षा परिसर में पदस्थ प्राचार्य योंगेद्र कुमार डोंगरे के द्वारा छात्राओं से सही व्यवहार नहीं करने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किए जाने के चलते छात्राओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया था। उनका प्रदर्शन में बाद में पालक समेत अन्य लोग भी शामिल हो गए थे। इसके चलते कलेक्टर डा. गिरीश कुमार मिश्रा ने प्राचार्य को हटाकर उनके बदले में पीके अंगूरे को प्राचार्य का प्रभार सौंपा था। इस बीच छात्राओं को 15 अक्टूबर को जानकारी मिली की पूर्व प्राचार्य वापस आ गए हैं और पीके अंगूरे को वापस भेज दिया गया है। इसके बाद नाराज हुई छात्राओं ने अचानक ही प्रदर्शन शुरु कर दिया था।
वापस नहीं हुए पूर्व प्राचार्य तो ले लेंगे टीसी: प्रदर्शनकारी छात्राओं ने बताया कि तीन माह पूर्व उन्होंने जिस प्राचार्य योगेंद्र कुमार डोंगरे का विरोध किया था, उन्हें पुन: छात्रवास में पदस्थ कर दिया गया है। इसकी सुचना स्वयं प्राचार्य योगेंद्र कुमार डोंगरे ने आकर जानकारी दी है और बताया गया कि उन्हें कलेक्टर ने पुन: जबरदस्ती पदस्थ किया है। जहां उक्त जानकारी मिलने के बाद छात्राओं ने पुन: उनकी पदस्थापना का विरोध जताना शुरू कर दिया है और प्रशासन से मांग की है कि उन्हे सिर्फ वर्तमान प्राचार्य श्री अंगुरे ही यथावत चाहिए। छात्राओं ने आग्रह किया है कि यदि योगेंद्र कुमार डोंगरे को पुन: कन्या शिक्षा परिसर छात्रवास में पदस्थ किया जाता है तो सभी छात्रायें अपनी टीसी वापस ले लेगें। लेकिन यहां पढाई नही करेगें। छात्राओं ने बताया कि जब से प्रभारी प्राचार्य अंगुरे जी की पदस्थापना की गई है तब से छात्रवास में मिलने वाली सुविधाओं में 80 फीसद सुधार आया है और बच्चो को खेल सामाग्री जैसी जरूरते उपलब्ध हो चुकी है। अभी किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है।
Posted By: Jitendra Richhariya
- Font Size
- Close