Balaghat News : बालाघाट (नईदुनिया प्रतिनिधि)। चरित्र पर संदेह करने वाले युवक ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। महिला की स्थिति नाजुक है, जिसे गोंदिया रेफर किया गया है। पुलिस जानकारी के अनुसार, युवक पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता है। मंगलवार रात साढ़े सात बजे युवक ने महिला की पीठ, छाती, हाथ पर चाकू से वार कर लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गया। वारदात के वक्त युवक शराब के नशे में था। शोरगुल होने पर मकान मालिक और पड़ोसियों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया गया कि युवक पत्नी के चरित्र पर शक करता है, जिसे लेकर अक्सर दोनों में विवाद भी होता है। युवक ने महिला पर हमला करने के लिए बाजार से नया चाकू खरीदा था और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। जांचकर्ता उप निरीक्षक महेश शर्मा ने बताया कि महिला के शरीर पर चाकू के गहरे निशान हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों की सलाह पर महिला को गोंदिया अस्पताल रेफर किया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि युवक आए दिन शराब के नशे में महिला के साथ मारपीट करता है। कोतवाली पुलिस ने घायल महिला के बयान ले लिए हैं और आरोपित युवक की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, छह वर्ष पहले विवाह हुआ था। उनका बालक है।
Posted By: Jitendra Richhariya
- Font Size
- Close