*दुर्घटना : सेंधवा में एबी रोड पर बिजासन घाट के पास हुई थी टक्कर, सभी घायल राजस्थान के
बड़वानी/सेंधवा (नईदुनिया प्रतिनिधि)। सेंधवा में बिजासन घाट के समीप एबी रोड पर गुरुवार सुबह साढ़े चार बजे भीषण दुर्घटना हो गई। यहां राजस्थान के सीकर से पुणे जा रही बस को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके कारण बस असंतुलित होकर पलट गई। दुर्घटना के बाद यहां चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर लोगों ने पुलिस को सूचना दी, वहीं बिजासन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। अन्य वाहन सवारों व ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायल यात्रियों को बस से निकाला। दुर्घटना में 22 लोग घायल हो गए। इनमें से 8 यात्रियों को गंभीर चोट आई है। घायलों में 11 पुरुष, 8 महिला एवं 3 बच्चे हैं। सभी घायल राजस्थान के हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक तेज गति से वाहन लाया और बस को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद ट्रक भी पलटी हो गया। सभी घायल यात्रियों को सिविल अस्पताल सेंधवा लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। आठ गंभीर घायल मरीजों का उपचार जारी है। इन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन ये सभी सेंधवा के ही निजी अस्पतालों में उपचारत हैं। इनमें दो यात्रियों के हाथ कट गए हैं।
नींद में अचानक जोरदार झटका लगा और सब पलट गए
बस हादसे में घायल आनंदीबाई ने बताया कि वह सो रही थी। इस दौरान अचानक जोरदार झटका लगा और पूरी बस सहित सब पलट गए। मुझे चक्कर आ गए। लोगों ने मुझे बस से बाहर निकाला। मेरे पैर और सिर में चोट आई है। एक अन्य घायल ने बताया कि बस को जोरदार टक्कर लगी औ धड़ाम से पलट गई। बस में सवार लोग एक-दूसरे के ऊपर आ गए।
यातायात संकेतकों व गति कम करने की मांग
गौरतलब है कि बिजासन घाट पर प्रायः दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों के अनुसार घाट पर वाहनों की गति को नियंत्रित करना जरूरी है। साथ ही यहां पर यातायात संकेतक लगाकर यातायात को व्यवस्थित किया जाना चाहिए। इससे हादसों पर नियंत्रण लग सकेगा।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close