Road Safety Campaign Barwani: बड़वानी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। यातायात नियमों का पालन हमारी दिनचर्या में शामिल होना चाहिए। आप जब भी घर से बाहर निकलें तो यातायात नियमों का पालन करते हुए सड़क पर चलें। ये बातें शहर के प्रमुख स्कूलों में शिक्षाविदों ने कही। दरअसल नईदुनिया द्वारा सड़क आडिट अभियान के दूसरे चरण में क्षेत्र के स्कूलों में सड़क सुरक्षा अभियान कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला में शिक्षाविदों और अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया जा रहा है। यातायात नियमों के पालन की सीख दी जा रही है। इस कड़ी में शहर में वैष्णवी एनीमेंट स्कूल, हरसुख दिगंबर जैन स्कूल, पैरामाउंट एकेडमी, राजकुमार खंडेलवाल स्मृति हायर सेकंडरी स्कूल सहित अन्य स्कूलों में लगातार यातायात नियमों की पाठशाला लगाई गई।
इसी कड़ी में ग्राम भीलखेड़ा की शासकीय स्कूल में भी विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी गई। जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर जगह-जगह जनजागरूकता से जुड़े विविध आयोजन हो रहे हैं। स्कूलों में यातायात नियमों की पाठशाला लगाकर जागरूक किया जा रहा है। विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी जा रही है।
शिक्षाविद दिनेश शर्मा के अनुसार प्रत्येक विद्यार्थी व आम नागरिक यातायात के नियमों को हमेशा ध्यान में रखें। सड़क पर चलते समय इन नियमों का पालन करें। अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। वहीं जिले में भी जगह-जगह सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जनजागरूकता से जुड़े आयोजन किए जा रहे हैं। स्कूली बच्चों सहित वाहन चालकों व ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक कर उन्हें शपथ दिलाई जा रही है।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close