Betul Crime News : मुलताई (नवदुनिया न्यूज)। नगर के गुरूसाहब वार्ड से विगत 9 दिनों से लापता युवक का शव शुक्रवार मासोद रोड पर स्थित उसके खेत के कुएं में मिला है। युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने से पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय पिता जयसिंह चोपड़े उम्र लगभग 35 वर्ष निवासी गुरूसाहब वार्ड मुलताई से विगत 27 अक्टूबर से लापता हो गया था जिसकी गुमशुदगी मृतक की पत्नि रेखा चोपड़े ने थाने में दर्ज कराई थी। युवक हमाली सहित खेती का कार्य करता था तथा गाय दुहने मासोद रोड स्थित नपा के पंप हाउस क्रमांक पांच के पास अपने खेत में जाया करता था। पुलिस के अनुसार गुमशुदगी के बाद लापता युवक की लगातार खोजबीन की जा रही थी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल रहा था। शुक्रवार सुबह जब मृतक विजय की मां खेत में गई तो कुएं में से अचानक बदबू आई जिससे उसने कुएं में पत्थर फेंका तो बदबू और तेज हो गई। इस पर उसने परिजनों को खबर दी तो कुएं में शव नजर आया। परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के बाद शव को बाहर निकालकर पंचनामा बनाकर शाम को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई के सरकारी अस्पताल भेजा गया। शाम होने से पोस्टमार्टम शनिवार सुबह होगा।
तीन बार कुएं में डाला गया था गल
पुलिस के अनुसार परिजनों के कहने पर पूर्व में खेत के कुएं में तीन बार गल डालकर शव ढूंढने का प्रयास किया गया था लेकिन शव नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि विगत नौ दिनों में तीन बार कुएं में शव को ढूंढा गया लेकिन नहीं मिला लेकिन शुक्रवार अचानक ही शव नजर आया। पुलिस के अनुसार संभवतः शव कुएं के नीचे कहीं फंस गया होगा जिससे गल डालने के बावजूद नहीं मिला। संदिग्ध अवस्था में मौत होने से पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close