Betul News : सारणी (नवदुनिया न्यूज)। सतपुड़ा ताप विद्युत गृह के 111 हेक्टेयर राख बांध में लगी घास में आग करीब एक सप्ताह से सुलग रही थी। इस दौरान पावर प्लांट के किसी भी अधिकारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। जिसका नतीजा यह हुआ कि शुक्रवार को आग पूरे राख बांध क्षेत्र में फैल गई। जिससे काफी दूर तक धुआं का गुबार और आग की लपटें दिखाई दे रही थी। इससे प्रभावित वार्ड क्रमांक एक के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। जिससे लोगों में काफी नाराजगी व्याप्त है। आग से निकलने वाला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल गया और कचरा वार्ड क्रमांक एक के निवास करने वाले लोगों के घरों पर गिरने लगा। वही आवागमन करने में लोगों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ी है। वही गुणवंत बाबा के पास से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी है।

हर साल लगाते है आग, टावर को नुकसान:

राख बांध में हर साल आग लगा दी जाती है। यहां पर काम करने वालों के लोगों के द्वारा ही आग लगाने का काम किया जाता है। जिससे राख बांध में रहने वाले कई तरह के जीव जंतु भी मर जाते हैं। वही लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस राख बांध में करीब आधा दर्जन टावर खड़े हुए हैं। इस आग की लपट से टावरों को भी नुकसान हो रहा है। यह टावर आग की लपट से धराशाई हो सकते हैं। 111 हेक्टेयर राख बांध से राख उठाने का कार्य तेजी से चल रहा है। घास में आग लगाने के पीछे के कारणों को सिविल विभाग को तलाशने होंगे और आग लगाने वालों को पकड़कर कार्रवाई की जाना चाहिए। करीब 4:30 बजे के आसपास और पावर प्लांट और नगरपालिका के फायर ब्रिगेड के वाहन से आग पर काबू पाने का प्रयास करने पहुंचे थे लेकिन राख बांध के अंदर दोनों विभाग की गाड़ियां नहीं उतर सकी जिससे आग की लपटें उठती रही और दोनों ही विभाग के लोग देखते रहे। नगरपालिका के दमकल विभाग के प्रभारी सुखदेव भोरपी ने बताया कि फायर वाहन आग बुझाने के लिए पहुंचा था। लेकिन राख उठाने का काम चालू है। इस वजह से फायर विभाग के वाहन राख में फंस जाते जिसके चलते आग वाले स्थान तक पहुंचना मुश्किल था। पावर प्लांट के मुख्य अभियंता वीके कैथवार ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए और पूरे राख बांध का मुआयना किया गया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। राख डैम पर सुरक्षा की टीम के द्वारा निगरानी की जा रही है।

Posted By: Nai Dunia News Network

Mp
Mp
 
google News
google News