Betul Weather News बैतूल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। जिले में उत्तर से भारत से आ रही बर्फली हवाओं के कारण ठंड के तेवर तीखे हो रहे हैं। तापमान में लगातार गिरावट आने से लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। शुक्रवार की रात इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री पर पहुंच गया जबकि गुरुवार रात में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री था। जिले में सामान्य तौर पर दिसंबर महीने में ठंड के तेवर तीखे होते रहे हैं, लेकिन इस बार नवंबर में ही पारा अचानक लुढ़कने लगा है। ऐसे में आम जनजीवन खासा प्रभावित होने लगा है।
शनिवार को सुबह से ही सर्द हवा के कारण लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा था वहीं लोग धूप का आनंद उठाते रहे। शाम होते ही अचानक सर्द हवा के साथ वातावरण में ठंडक बढ़ गई। बाजार में भी ठंड के बढ़ने की वजह से लोगों की भीड़ भी अचानक कम हो गई।
चौपाटी पर दुकान लगाने वाले संदेश महाराज ने बताया कि आम दिनों की अपेक्षा शनिवार को शाम के वक्त लोगों की भीड़ कम ही नजर आ रही थी। अचानक सर्द हवा के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज करते रहे। ठंड के तेवर तीखे होने से किसानों को जरूर राहत मिल गई है।
असिंचित क्षेत्रों में किसानों ने गेहूं और चना की फसल की बुवाई कर दी है। दोनों फसल के लिए ठंड बेहद लाभदायक होती है। किसानों को उम्मीद है कि इस बार ठंड लंबे समय तक रहेगी जिससे पैदावार भी अच्छी होगी। भू- अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे के भीतर तापमान में दो डिग्री की कमी आ गई है।
कड़ाके की ठंड से ठिठुरा मुलताई क्षेत्र, सुबह कोहरा
मुलताई (नवदुनिया न्यूज)। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शनिवार सुबह से ही ठंड के कारण जहां कोहरा नजर आया वहीं पूरे दिन धूप गुनगुनी रही। शाम को फिर ठंड का प्रकोप देखने को मिला जिसका असर बाजार पर भी पड़ा और देर रात तक खुली रहने वाली दुकानें जल्दी बंद होने लगी। ठंड के मौसम में सुबह भी विलंब से हो रही है तथा हर जगह कोहरा ही कोहरा नजर आता है जिससे सूर्यदेव के दर्शन भी विलंब से ही हो रहे हैं।
इधर शाम पांच बजे के बाद से ही अंधेरा होना प्रारंभ हो जाता है तथा छह बजे तक रात नजर आने लगती है। ठंड के कारण शनिवार पूरे दिन धूप भी गुनगुनी रही तथा ठंड का असर बना रहा। ठंड के कारण सुबह से लेकर रात तक गर्म कपड़े पहने रहे तथा दोपहर में भी लोग शाल स्वेटर पहने नजर आए। रात में चौक चौराहों पर लोग अलाव जलाकर ठंड दूर करने का प्रयास करते रहे।
ठंड का असर बाजार पर भी देखने को मिला जहां ग्रामीण अंचलों से अपेक्षाकृत कम लोग आए। हालांकि अभी नगर में मेला प्रारंभ हो गया है लेकिन शनिवार मेले में भी ठंड का असर देखने को मिला। फिलहाल नगर में शीतलहर का प्रकोप लग रहा है जिससे सर्द हवाएं चल रही है एैसे में लोग घरों से कम ही बाहर निकल रहे हैं। इधर रात में बाजार भी जल्दी बंद हो रहे हैं।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close