मुलताई (नवदुनिया न्यूज)। मुलताई क्षेत्र में पंचायत चुनाव संपन्ना होते ही नगर पालिका चुनाव से जोर पकड़ लिया है। आगामी 13 जुलाई को नगर पालिका चुनाव में मतदान होना है जिसके लिए अब प्रत्याशी अपने वार्डों में प्रचार के लिए समर्थकों के साथ निकल पड़े हैं। इधर प्रत्याशियों द्वारा प्रचार के लिए नगर में जगह-जगह पोस्टर, बैनर एवं फ्लैक्स भी लगाए जा रहे हैं। नगर में कुल 15 वार्डो में चुनाव संपन्ना होना है जिसमें विजयी होकर पार्षद बनने वाले अध्यक्ष चुनेंगे। इसके लिए भाजपा एवं कांग्रेस द्वारा अपने-अपने प्रत्याशियों पर दांव लगाया गया है तथा धीरे-धीरे प्रचार भी जोर पकड़ रहा है।
भाजपा एवं कांग्रेस ने अध्यक्ष पद को केंद्रित रखते हुए ही कई वार्डों में महिला प्रत्याशियों को उतारा है, लेकिन चुनाव को अभी थोड़ा समय होने से यह नहीं कहा जा सकता कि फिलहाल किस वार्ड से किसका जोर अधिक है। इस बार पार्षदों पर ही अध्यक्ष चुनने का दारोमदार होने से व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है। वार्डों में भाजपा, कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि अभी मुख्य मुकाबला भाजपा तथा कांग्रेस में ही है लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी भी अपना पूरा जोर लगा रहे हैं जिससे कई वार्डो में वे रिजल्ट प्रभावित कर सकते हैं।
इधर नगर के मध्य विवेकानंद वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी अंजली सुमीत शिवहरे का प्रचार जोर शोर से किया जा रहा है तथा उनके पक्ष में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पूरे वार्ड में घूम घूम कर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। तिलक वार्ड में भाजपा द्वारा अजय यादव के पक्ष में प्रचार किया जा रहा है। नेहरू वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी संतोष साहू के पक्ष में बड़ी संख्या में महिलाएं वार्ड में प्रचार कर रही हैं। संतोष साहू एवं उनकी पत्नी विगत 10 वर्षों से पार्षद रह चुके हैं तथा कांग्रेस ने उन पर इस बार भी विश्वास जताते हुए टिकट दी गई है। इसके अलावा भगतसिंह वार्ड, आजाद वार्ड, इंदिरा गांधी वार्ड, गुरूसाहब वार्ड, राजीव गांधी वार्ड, अंबेडकर वार्ड, आजाद वार्ड, गांधी वार्ड में भी प्रत्याशियों द्वारा चुनाव प्रचार जोरों पर चल रहा है।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close