भिंड(नईदुनिया प्रतिनिधि)। गोरमी क्षेत्र के नुन्हाड़ में 10 दिन में 11 लोगों का आकस्मिक निधन हो गया। वहीं गांव के ज्यादात घरों में लोग बुखार से पीड़ित हैं। इस संबंध में भाजपा नेता रविंद्र सिंह नरवरिया ने कलेक्टर को अवगत कराया। इसके बाद कलेक्टर के निर्देशन पर गांव में किल कोरोना टीम पहुंची। टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों की स्क्रीनिंग कर ऑक्सीजन लेवल को चैक किया।
गंभीर सिंह नरवरिया का कहना है कि नुन्हाड़ में 10 दिन में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं गांव के 30 फीसद लोग बीमार हैं। जब हम लोगों को इसकी जानकारी मिली तो इस संबंध में जिला प्रशासन को जानकारी दी गई। वहीं नायब तहसीलदार शिवदत्त कटारे का कहना है कि इस संबंध में जानकारी मिलते ही किल कोरोना टीम को नुन्हाड़ भेज दिया गया था। आज मैं खुद जाकर गांव का निरीक्षण करूंगा। साथ ही ग्रामीणों की स्क्रीनिंग भी कराई जाएगी।
भदाकुर में पदस्थ शिक्षक की मौत
भदाकुर के सरकारी स्कूल में पदस्थ शिक्षक देवेंद्र बघेल की शुक्रवार को कोविड आइसोलेशन में मौत हो गई। 40 साल की उम्र में अटेर के समन्नाा में रहने वाले देवेंद्र 8 दिन से बीमार थे। परिजन ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई, लेकिन ऑक्सीजन लेवल 80 से नीचे चला गया। आइसीयू में भर्ती सरकारी शिक्षक की शुक्रवार की सुबह मौत हो गई।
जिले में 297 मरीज कोरोना से जंग लड़ रहे हैं, जबकि 150 ऐसे लोग हैं जिनमें कोरोना के लक्षण हैं जिनकी सांसें भी ऑक्सीजन पर टिकी हैं।
20 नए संक्रमित मिलेः शुक्रवार को जिले में 20 नए कोरोन संक्रमित मिले है। वहीं 26 लोगों ने कोरोना हराया है।
Posted By: Nai Dunia News Network