भिंड(नईदुनिया प्रतिनिधि)। तीन लाख की आबादी पर शहर में पहली बार फायर स्टेशन बनने जा रहा है। मेला ग्राउंड के पास हाथी गड्ढे की आठ हजार स्क्वायर फीट जमीन पर फायर स्टेशन बनाया जाएगा। इस पर 2.82 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके साथ ही फायर स्टेशन के भू-तल में 24 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। भिंड विधायक संजीव सिंह संजू ने सोमवार शाम को फायर स्टेशन का भूमि-पूजन किया है।

आग घटनाओं में काबू पाने में मदद मिलेगीः

नगरपालिका परिषद के पास चार फायर बिग्रेड हैं। इनमें कुछ खराब रहती हैं। फायर बिग्रेड को रखने के लिए नपा के पास अपना कोई स्थान नहीं है। मेले के पास सड़क पर और शहर कोतवाली के बाहर फायर बिग्रेड वाहन रखे जाते हैं। कई बार आग की घटना होने पर तत्काल फायर बिग्रेड की मदद नहीं मिल पाती है। अब फायर स्टेशन बनने से यहां 24 घंटे प्रशिक्षित स्टाफ रहेगा। साथ ही फायर स्टेशन बनने से फायर बिग्रेड के बेड़े में और वाहन शामिल होंगे। इससे फायर पावर बढ़ेगी। आग पर तत्काल काबू पाने में मदद मिलेगी। फिलहाल जिले में सिर्फ मालनपुर में पुलिस फायर स्टेशन है, जो मालनपुर के औद्योगिक क्षेत्र को देखते हुए बनाया गया था। फायर स्टेशन के भूमि-पूजन में नपा ईई हरीशबाबू शाक्यवार, पूर्व उपाध्यक्ष अजीत सिंह भदौरिया, शांतनु सिंह फकीरे, मुकेश जैन, कल्लू सिकरवार, डिंपी जैन, अरविंद भदौरिया मौजूद रहे।

ऐसा होगा 2.82 करोड़ का फायर स्टेशनः

नगरपालिका के ईई हरीशबाबू शाक्यवार ने बताया कि हाथी गड्ढे की आठ हजार स्क्वायर फीट जमीन पर फायर स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। यहां फायर बिग्रेड वाहन रखने से लेकर मरम्मत तक का इंतजाम किया जाएगा। इसके साथ ही फायर बिग्रेड के वाहनों में पानी भी यहीं से भरा जाएगा। आग लगने की घटना होने पर या किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल मदद मुहैया कराने के लिए प्रशिक्षित स्टाफ रहेगा। फायर स्टेशन में ही प्रशासनिक ब्लाक बनाया जाएगा, ताकि फायर स्टेशन का संचालन सुचारू रूप से किया जाए।

दूसरे चरण में प्रथम तल पर बनेंगी दुकानें:

फायर स्टेशन के आगे बायपास रोड की ओर भू-तल में 24 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। ईई हरीशबाबू शाक्यवार ने बताया कि फायर स्टेशन के प्रथम तल पर भी दुकानें बनाई जाएंगीं, लेकिन यह काम दूसरे चरण में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में फायर स्टेशन, प्रशासनिक ब्लाक, 24 दुकानें, 39 वार्ड के कचरा वाहनों को रखने के लिए भवन, मरम्मत ब्लाक बनाया जाएगा।

वर्जनः

फायर स्टेशन से शहर और आसपास के क्षेत्रों में आग की घटनाओं पर तत्काल काबू पाने में मदद मिलेगी। शहर को पहली बार फायर स्टेशन की सौगात मिलने जा रही है। समय के साथ-साथ फायर बिग्रेड वाहनों को भी बढ़ाया जाएगा और अपग्रेड करेंगें संजीव सिंह संजू, विधायक, भिंड

Posted By: Nai Dunia News Network

Mp
Mp