भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी की बैरसिया तहसील अंतर्गत गुनगा थाना इलाके में शुक्रवार दोपहर एक महिला डाक्टर ने बाइक सवार दो लोगों को अपनी कार से टक्कर मार दी। इसके बाद थाने पहुंचकर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी। उधर हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए बाइक सवार दो लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान शाम को बाइक चालक की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने महिला डाक्टर के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है।
गुनगा थाना पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर उपस्वास्थ्य केंद्र कलारा में पदस्थ डा. प्रिया चौरसिया ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें बताया कि दोपहर करीब 12 बजे ग्राम कलारा के पास से गुजर रही थी, तभी अज्ञात बाइक चालक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। बाइक में पीछे एक और व्यक्ति बैठा था। हादसे के बाद चालक अपनी बाइक लेकर भाग गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
उधर कुछ देर बाद थाने में एक निजी अस्पताल से कलारा के पास गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंचे दो व्यक्तियों के बारे में सूचना मिली। पुलिस अस्पताल पहुंची तो पता चला कि हादसे में घायल ग्राम बरखेड़ा, अहमदपुर निवासी 50 वर्षीय हरिनारायण लोधी की मौत हो चुकी है। उसके साथी घायल ग्राम रमपुरा निवासी रामनिवास मीना ने पुलिस को बताया कि ग्राम कलारा के पास उनकी बाइक को एक महिला कर चालक ने टक्कर मार दी थी। कार का नंबर डा. प्रिया चौरसिया का निकला। इस आधार पर पुलिस ने महिला डा. के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया।
Posted By: Ravindra Soni
- Font Size
- Close