भोपाल (नवदुनिया प्रतिनधि)। बागसेवनिया इलाके में कार में सवार एक महिला को रोककर उससे रुपये लूटने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने महिला की कार के सामने स्कूटर अड़ाकर उसे रोका और बाद में कार में घुसकर पिस्टल दिखाकर डेढ़ लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में लूट का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के मुताबिक फ्लैट नंबर-पांच प्रियदर्शनी कालोनी 80 फीट रोड पेट्रोल पंप के सामने थाना बागसेवनिया में रहने वाली 32 वर्षीय बिंदिया यादव पति जितेन्द्र ठाकुर नवजीवन अस्पताल के पास सैलून चलाती हैं। उन्होंने बताया कि उनके मकान का काम पेबल-बे कालोनी में चल रहा है। ठेकेदार को रुपये देने के लिए उनके पति जितेन्द्र ठाकुर ने उनको एक लाख 50 हजार रुपये 21 मई को दिए थे, जो कि उनके पास पर्स में रखे थे। 23 मई को रात करीब पौने ग्यारह बजे अपना सैलून बंद होने के वाद अपनी बहन के घर पेबल-बे कालोनी अपनी कार से जा रहा थी। उनकी कार के पीछे दो स्कूटर चल रहे थे, एक स्कूटर पर दो लड़के बैठे थे व दूसरे स्कूटर पर एक लड़का बैठा था।
कार जैसे ही 80 फीट रोड आम के पेड़ के आगे पहुंची तो लाल रंग के स्कूटर पर सवार दो लड़कों ने कार के आगे अपना स्कूटर अड़ा दिया। महिला ने कार के ब्रेक लगा दिए, तभी दूसरे स्कूटर पर बैठा अकेला लड़का वहीं पास में खड़ा हो गया। कार के सामने रुके स्कूटर पर बैठे दो लड़को में से पीछे बैठा लड़का कार के पास आया और आगे का बायीं तरफ का गेट खोलकर कार में जबर्दस्ती बैठ गया। उसने पिस्टल निकाली और महिला बैग छीनकर भाग गया। उसमें जरूरी दस्तावेज ओर डेढ़ लाख रुपये रखे थे। बाद में घर जाकर पति को घटनाक्रम बताया और एफआइआर दर्ज कराई। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
Posted By: Ravindra Soni
- # Bhopal Crime News
- # Loot in Bhopal
- # Loot with woman
- # Bhopal News in Hindi
- # Bhopal Latest News
- # Bhopal Samachar
- # MP News in Hindi
- # Madhya Pradesh News