भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। छोला मंदिर थाना इलाके के रासलाखेड़ी में सरदार सुखदेव सिंह परिवार के साथ रहते हैं। पेशे से किसान सुखदेव को जमीन के एक मामले में भागीदार रहे धनराज कौशल को सवा लाख रुपये देना थे। बुधवार रात इस मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान धनराज ने सुखदेव के एक भतीजे को गोली मार दी। धनराज के साथी ने सुखदेव के दूसरे भतीजे को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

छोला मंदिर थाना पुलिस के मुताबिक सरदार सुखदेव सिंह ने विदिशा में अपने दोस्त जहांगीराबाद निवासी धनराज कौशल के साथ मिलकर खेती के लिए एक जमीन ठेके पर ली थी। उस सौदे का सवा लाख रुपये धनराज को सुखदेव से लेना था। धनराज जब भी रुपये मांगने सुखदेव के घर जाता था, तो उसकी पत्नी सुखदेव के घर पर नहीं होने की बात कह देती थी।

परेशान होने पर धनराज बुधवार रात को 12 बजे अपने साथी रविंद्र प्रताप के साथ कार से सुखदेव के घर पहुंच गया। दरवाजा खटखटाने पर सुखदेव घर से बाहर निकला, तो धनराज ने अपने रुपये मांगे। सुखदेव द्वारा रुपये देने में आनाकानी करने पर विवाद बढ़ने लगा। इस दौरान सुखदेव के भतीजे गुरुविंदर और सुखमंजीत भी चाचा की तरफ से बोलने लगे। इस पर धनराज ने पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली सुखमंजीत के हाथ में धंस गई। इसके बाद धनराज ने हवा में तीन-चार फायर किए। सुखदेव बचने के लिए घर की छत पर भाग गया। इस दौरान रविंद्र प्रताप ने भी गुरुविंदर के हाथ में चाकू मार दिया। वारदात को अंजाम देकर दोनों कार से फरार हो गए। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Posted By: Ravindra Soni

Mp
Mp