भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। नजीराबाद थाना पुलिस ने अपराध के दो मामलों में 20 साल से फरार चल रहे बदमाश को अंतत: गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने अपना गांव छोड़ दिया था। पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी काफी बढ़ा ली थी। यहां तक कि अपने रिश्तेदारों से भी मिलना बंद कर दिया था। जिस समय पर वह पुलिस की नजरों से गायब हुआ था, तब उसकी उम्र 40 साल थी। अब उसकी आयु 60 वर्ष हो चुकी है। पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद उसे अदालत में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नजीराबाद थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि ग्राम मलकारी निवासी 60 वर्षीय मोहम्मद नसीम पुत्र शेख मोहम्मद के खिलाफ वर्ष 2002 में घर में घुसकर मारपीट करने का एक केस दर्ज हुआ था। उसमें जमानत पूर छूटने के बाद वह कभी पेशी पर नहीं पहुंचा था। अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखा था। इसके अलावा मारपीट के एक अन्य मामले में भी वह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। वारदात के समय मोहम्मद नसीम की उम्र 40 साल थी। पुलिस उसे गिरफ्तार करने कई बार उसके घर पहुंची थी, लेकिन वह नहीं मिला था। स्वजन ने भी बताया था कि नसीम अब इस घर में नहीं रहता। उसका पता भी उन्हें नहीं मालूम है।
हाल ही में थाने के प्रधान आरक्षक मोहम्मद इकबाल को मुखबिर से सूचना मिली। उसमें बताया गया कि ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के परेवाखेड़ा गांव में एक व्यक्ति का हुलिया मोहम्मद नसीम से मिलता-जुलता है। वह सेंट्रिंग का काम करता है। साथ ही लोगों से बहुत कम मेल-जोल रखता है। सूचना की तस्दीक करने के बाद पुलिस टीम ने परेवाखेड़ा पहुंचकर मोहम्मद नसीम को हिरासत में ले लिया। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
Posted By: Ravindra Soni