Bhopal News:भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। जिले में 33 शराब समूह की 87 दुकानों को नीलाम करने की प्रक्रिया ई टेंडर के जरिए की जा रही है।इस बार शराब दुकानों के नवीनीकरण के लिए ठेकेदारों ने न तो आवेदन किए थे और न ही लाटरी प्रक्रिया में हिस्सा लिया था।इसी वजह से दुकानों का नवीनीकरण नहीं हो सका था। इसके बाद आबकारी विभाग ने दुकानों को नीलाम करने के लिए ई टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी।यह टेंडर शनिवार को खोले गए, जिनमें छह समूह की 17 दुकानों को लगभग 113 करोड़ 45 लाख रुपये में नीलाम किया गया है। वहीं अब 27 समूह की 70 दुकानों के लिए रविवार से ई टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई। बता दें कि आबकारी नीति में अहाते बंद किए जाने के निर्णय पर शराब ठेकेदार नाराज हैं और वह दुकानों को लेने से पहले अपनी मांग रख रहे हैं। वहीं आबकारी अधिकारी लगातार ठेकेदारों से बातचीत कर उन्हें नीति के बारे में समझा रहे हैं।
पिछले साल उठी थी सस्ती, इस बार अधिक में हुई नीलाम
आबकारी विभाग ने शनिवार ई टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद साढ़े तीन बजे टेंडर खोले। इसमें छह समूह की जो 17 दुकानें नीलाम की गई हैं वह पिछले साल सस्ती में उठी थी। इस बार वह अधिक में नीलाम हुईं हैं। एक ठेकेदार ने बताया कि पीएनबी बैरागढ़ समूह की शराब दुकानें सोम कंपनी ने सीहोर नाका समूह की दुकानें शिवहरे ठेकेदार ने, बैरसिया, नजीराबाद की शराब दुकानें महाकाली समूह ने और रत्नागिरी, सुभाषनगर समूह की दुकानें अन्य ठेकेदारों ने ली है। इन दुकानों का निर्धारित राजस्व 107 करोड़ रुपये रखा गया था, लेकिन इस बार इनकी नीलामी 113 करोड़ 45 लाख रुपये में हुई है।
971 करोड़ में बची 864 करोड़ की दुकानें
जिले के छह समूह की 17 दुकानें नीलाम होने के बाद अब 27 समूह की 70 दुकानों को नीलाम करने की ई टेंडर प्रक्रिया रविवार से शुरू की जाएगी। इस बार 971 करोड़ रुपये सभी दुकानों का रेट तय किया गया था। जिसमें से 107 करोड़ कम होते ही अब 864 करोड़ की दुकानें बीच हुई हैं।सहायक आबकारी आयुक्त राकेश कुर्मी ने बताया कि बीच हुई दुकानों की भी ई टेंडर प्रक्रिया रविवार से शुरू कर दी जाएगी। उम्मीद है कि आगामी दिनों में सभी दुकानें नीलाम हो जाएंगी।
यह रही 17 दुकानों की नीलामी प्रक्रिया
समूह - दुकानों - टेंडर- आरपी - आफर
नजीराबाद - 4 - 1 - 7.48 - 8.35
सुभाष नगर 2 - 6 - 14.96 - 17.17
सीहोर नाका - 3 - 2 - 22.52 - 24.52
पीएनबी बैरागढ़ - 2 - 1 - 18.62 - 18.63
रत्नागिरी - 2 - 2 - 25.77 - 26.80
बैरसिया - 4 - 1 - 17.60 - 17.94
Posted By: Lalit Katariya