भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। भोपाल के पांच लाख लोगों को आने वाले दिनों में बिजली, पानी, सड़क, सीवेज आदि सुविधाएं आसानी से मिलेंगी। ऐसा इसलिए क्योंकि यह सभी फिलहाल अवैध कालोनियों में रहते हैं। इनमें से ऐसी कालोनियों में से 238 को मंगलवार वैध का दर्जा मिल गया हैं। यानी इन कालोनियों में जल्द ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिसके लिए आम नागरिकों को वर्षों से संघर्ष करना पड़ रहा है। आने वाले समय में लगभग 350 कालोनियों को वैध किया जाएगा। इस तरह शहर में लगभग 588 से अधिक अवैध कालोनियां वैध हो जाएंगी। जिसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को 31 दिसंबर 2016 तक बनी अवैध कालोनियों को वैध घोषित कर दिया है।
किसानों की जमीन पर काटी गई हैं अवैध कालोनियां
शहर में विकसित अवैध कालोनियां अधिकतर किसानों की जमीन पर कालोनाइजरों ने बिना अनुमति के काटी हैं। इनमें उनके द्वारा मनमर्जी के दाम पर प्लाट यह दावा करते हुए बेचे गए थे कि उनको सड़क, बिजली, पानी, सीवेज आदि की सुविधा मिलेंगी। इससे लोगों ने उम्मीद कर प्लाट ले लिए, लेकिन उनको आज तक सुविधाएं नहीं मिल सकी है। इसकी वजह यह है कि उनके पास सिर्फ प्लाट की रजिस्ट्री है इसके अलावा अन्य कोई दस्तावेज नहीं है। अब जब यह सभी कालोनियां वैध हो जाएंगी तो इनको भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र मिल जाएगा। ऐसे में यह आसानी से स्थायी बिजली कनेक्शन ले सकेंगे और इनमें शासन द्वारा सड़क, पानी और सीवेज की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
10 हजार रुपये में अस्थायी बिजली कनेक्शन
लांबाखेड़ा के पास स्थति एक कालोनी के रहवासी कपिल साहू ने बताया कि अनुमति नहीं होने से उनको अस्थायी बिजली कनेक्श लेना पड़ा है। जिसके बदले में 10 हजार रुपये सुरक्षानिधि जमा की गई है और हर महीने डेढ़ से दो हजार रुपये बिल आता है। कालोनाइजर द्वारा कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है।
राजस्व का हुआ है बड़ा नुकसान
नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि भले अवैध कालोनियों को वैध किया गया हो, लेकिन कालोनाइजर इनमें रहने वाले लोगों से मुहंमांगा पैसा लेकर भाग गए हैं। इनमें किसी तरह की कोई अनुमति नहीं लेने से नगर निगम को राजस्व का बड़ा नुकसान हुआ है। नगर निगम में जो भी पैसा आता है वह शहर के विकास में ही लगाया जाता है।
भोपाल में अवैध कालोनियां
वृत्त - कालोनियां
हुजूर - 390
कोलार - 65
टीटी नगर - 67
बैरागढ़- 30
गोविंदपुरा -12
एमपी नगर - 19
बैरसिया -10
इनका कहना है
शहर में अभी तक कुल 238 अवैध कालोनियों को वैध किया गया है जो कि वर्ष 2016 तक विकसित हुई थीं। वहीं वर्ष 2022 तक के निर्देश सरकार ने दिए हैं। अब इस तरह शहर में लगभग 370 कालोनियां और वैध की जाएंगी। इस तरह इनकी संख्या लगभग 600 तक जा सकती है।
- केवीएस चौधरी, आयुक्त, भोपाल नगर निगम
Posted By: Ravindra Soni
- # Bhopal News
- # Illegal colonies in Bhopal
- # Bhopal Municipal corporation
- # Illegal colonies legalize
- # Bhopal News in Hindi
- # Bhopal Latest News
- # Bhopal Samachar
- # MP News in Hindi
- # Madhya Pradesh News
- # भोपाल समाचार
- # मध्य प्रदेश समाचार