भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। वित्तीय वर्ष 2023-24 की कलेक्टर गाइडलाइन एक अप्रैल से लागू होगी, लेकिन नई गाइडलाइन के हिसाब से रजिस्ट्री कार्यालयों में तीन अप्रैल से रजिस्ट्री होंगी। इसके बाद शहर के 733 स्थानों पर एक से 25 प्रतिशत तक प्रापर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। इसके चलते 31 मार्च को पुराने दामों पर रजिस्ट्री कराने के लिए शहर के 500 से अधिक सेवा प्रदाताओं ने गुरुवार रात को अनुबंध तैयार किए। शुक्रवार को रजिस्ट्री कराने के लिए 50 प्रतिशत स्लाट रात में ही बुक कर लिए गए थे। सबसे अधिक रजिस्ट्री दोपहर एक से शाम चार के बीच हुई। भीड़ को देखते हुए स्लाट का समय 10 मिनट प्रति रजिस्ट्री से पांच मिनट कर दिया गया था। रात 9 बजे इसे तीन मिनट प्रति स्लाट कर दिया।
पंजीयन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रात 10.30 बजे तक लगभग 805 रजिस्ट्रियां हुईं। वहीं पूरे प्रदेश में शुक्रवार को 9000 रजिस्ट्रियां दर्ज की गई। इससे लगभग 100 करोड़ का राजस्व मिला। इसमें से भोपाल का छह करोड़ है। बता दें कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में भोपाल को 1100 करोड़ रुपये का लक्ष्य मिला था, लेकिन विभाग ने 1150 करोड़ रुपये हासिल किया है। वहीं इस साल लगभग 60 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां दर्ज हुई है।
पिछले साल एक दिन में हुई थीं 915 रजिस्ट्रियां
वित्तीय वर्ष 2021-22 में 31 मार्च को भोपाल में कुल 915 रजिस्ट्रियां हुई थी।इस बार यह घटकर 805 हुई हैं, जबकि पूरे प्रदेश में 11705 रजिस्ट्रियां हुई थी जबकि इस बार एक दिन में 9000 रजिस्ट्र्रियां हुई हैं। पंजीयन अधिकारियों ने बताया कि साल का अंतिम दिन होने की वजह से पंजीयन कार्यालय देर रात 10.30 बजे तक खोले गए थे, लेकिन अधिकांश लोगों ने रजिस्ट्रियां आठ बजे तक करा ली थी। यह भी बताया जा रहा है कि लोगों ने इस बार नवरात्र होने से शुभ मुहूर्त का लाभ उठाते हुए लगभग 5000 रजिस्ट्रियां कराई थीं।
वित्तीय वर्ष 2023-24 की कलेक्टर गाइडलाइन अपलोड कर दी गई है, लेकिन अभी सर्वर में इसका अपडेशन नहीं हुआ है। अभी इसका अपडेशन किया जाना है, इसके बाद ही रजिस्ट्री का काम शुरू होगा। एक अप्रैल को शनिवार एवं दो को रविवार है। इसके बाद अब चार अप्रैल को रजिस्ट्रियां हो सकेंगी।
Posted By: Ravindra Soni
- # Bhopal News
- # Property registry in Bhopal
- # Property Registry
- # Bhopal News in Hindi
- # Bhopal Latest News
- # Bhopal Samachar
- # MP News in Hindi
- # Madhya Pradesh News