भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी की एक विशेष अदालत ने हरियाणा के कुश्ती कोच नवीन नारा की बहन सोनिका को वर्ष 2022 में नाबालिग महिला रेसलर के अपहरण के मामले में गुरुवार को जमानत दे दी। यह आदेश विशेष न्यायाधीश (पोक्सो) तृप्ति पांडेय ने सुनाया। बता दें कि इस मामले में पूर्व में एक अन्य अभियुक्त रवि को भी जमानत मिल चुकी है। मुख्य आरोपित अभी फरार है।
यह है मामला
श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग रेसलर नौ नवंबर 2022 को रोज की तरह टीटी नगर स्टेडियम में प्रैक्टिस के लिए निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं पहुंची। बेटी के घर नहीं लौटने पर पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। घटना वाले दिन का सीसीटीवी चेक करने के दौरान रेतघाट चौराहे पर लगे कैमरे में हरियाणा की कार का नंबर मिल गया था। जांच में पता चला था कि कार झज्जर, हरियाणा निवासी राकी सिंह के नाम पर है। वह संदेही नवीन नारा का चचेरा भाई है। कोच नवीन ने नाबालिग अपहरण की योजना पहले ही बना रखी थी। इस वजह से वह भोपाल में आकर श्यामला हिल्स स्थित एक होटल में रूका था। होटल में उसने अपना पता चरखी दादरी, हरियाणा का लिखवाया था। पांच नवंबर को भोपाल में वह किशोरी से मिला था। इसके बाद नौ नवंबर 2022 की सुबह वह किशोरी को कार में बिठाकर हरियाणा के लिए रवाना हो गया था।
पहले से शादीशुदा था कोच नवीन नारा
नवीन की 2019 में शादी हो चुकी है, पर तलाक नहीं हुआ है। इस बीच पुलिस को पता चला कि किशोरी ने चंडीगढ़ हाईकोर्ट में याचिका लगाई है कि उसने नवीन से शादी कर ली है। नवीन ने धर्म परिवर्तन कर लिया है। उन्हें सुरक्षा चाहिए। याचिका पर नवीन की पत्नी ने आपत्ति लगाई थी। इस सनसनीखेज मामले को सुलझाने के लिए 24 पुलिस कर्मचारियों की टीम को हरियाणा में एक माह तक कैंप करना पड़ा था।
Posted By: Ravindra Soni
- # Bhopal News
- # POCSO special court
- # Minor woman wrestler abducted
- # Bhopal News in Hindi
- # Bhopal Latest News
- # Bhopal Samachar
- # MP News in Hindi
- # Madhya Pradesh News