भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। पुलिस कमिश्नर कार्यालय के पुलिस कंट्रोल रूम की रेडियो वर्कशाप में ड्यूटी कर रहे असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह चौहान की हार्ट अटैक आने से मृत्यु हो गई। शुक्रवार रात की पाली में ड्यूटी करने के लिए शैलेंद्र सिंह चौहान रेडियो वर्कशाप पहुंचे थे। नए पुलिस कंट्रोल रूम में नाइट ड्यूटी करने के दौरान उन्हें सुबह तकरीबन पांच बजे सीने में तेज दर्द उठा और वह अचानक बेसुध हो गए। साथी पुलिस कर्मचारी तुरंत उन्हें लेकर नजदीक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां भर्ती करने से पूर्व चिकित्सकीय जांच में डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिसरोद की श्री राम कालोनी में रहने वाले शैलेंद्र सिंह चौहान मूलत: जिला सीहोर के बकतरा गांव के रहने वाले थे। उनके दो बेटे हैं। अचानक आई इस त्रासदी से स्वजन का बुरा हाल है।
किसान ने पीया कीटनाशक, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
उधर, गुनगा थाना इलाके के ग्राम धमर्रा में खेत में काम करने वाले 55 वर्षीय ज्ञान सिंह ने 24 जनवरी को नशे की हालत में कीटनाशक पी लिया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान शुक्रवार दोपहर को उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि ज्ञानसिंह मूलत: अहमदपुर जिला सीहोर का रहने वाला था। कुछ समय पहले उसे करंट लग गया था। उसके बाद वह कमजोर हो गया था। साथ ही वह काफी शराब पीने लगा था। नशे की हालत में ही उसने कीटनाशक पी लिया था।
Posted By: Ravindra Soni
- Font Size
- Close