भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी के रातीबड़ इलाके के ग्राम छापरी में शनिवार को कुएं के पास पानी की मोटर की मरम्मत करते समय 17 साल का अर्जुन राय पैर फिसलने से कुएं में गिर गया। बेटे को बचाने के लिए मां दुर्गा राय ने भी कुएं में छलांग लगा दी। पास ही महिला की देवरानी भी खड़ी थी। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग जमा हो गए। ग्रामीणों की मदद से मां-बेटे को कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है, वहीं मां को भी चोटें आई हैं।
रातीबड़ पुलिस के मुताबिक ग्राम छापरी निवासी 40 वर्षीय दुर्गा राय और उनकी देवरानी सविता कौशल शनिवार को मतदान करके आ रहीं थीं। रास्ते में सार्वजनिक कुएं में उनकी पानी की मोटर लगी हुई थी, उसमें गड़बड़ी के कारण पानी नहीं आ रहा था। दुर्गा पाइप को पकड़कर ठीक करने की कोशिश कर रही थीं, तभी उनका 17 वर्षीय बेटा अर्जुन राय आया और मोटर ठीक करने लगा। जैसे ही उसने मोटर का पाइप पकड़ा, वैसे ही उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया। बेटे को कुएं में गिरता देख उसे बचाने के लिए मां दुर्गा ने भी छलांग लगा दी। मां-बेटे को कुएं में गिरता देख सविता ने शोर मचाया तो गांव वाले इकट्ठा हो गए। तुरंत उन्होंने कुएं में खटिया डालकर मां-बेटे को बाहर निकाला। कुएं में पानी कम होने के कारण मां और बेटा बुरी तरह से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेटे अर्जुन की हालत गंभीर बनी हुई है। अर्जुन के पिता शिक्षक हैं।
Posted By: Ravindra Soni
- Font Size
- Close