भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। देश के सुप्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर आज भोपाल आ रहे हैं। वह दोपहर 12 बजे भोपाल पहुंचेंगे। राजाभोज विमानतल पर विश्व शांति सेवा समिति और सनातन धर्म से जुड़ी संस्थाओं के लोग उनकी भव्य अगवानी करेंगे। ठाकुर महाराज की भागवत कथा रविवार दोपहर 3:30 बजे से राजधानी के टीटी नगर दशहरा मैदान पर शुरू होगी। अगले सात दिन तक वह यहां कथावाचन करेंगे।

श्रीमद्भागवत कथा आयोजन समिति के संयोजक राहुल कोठारी ने बताया कि कथा प्रारंभ होने के पहले सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। कोठारी ने बताया कि शहर के सनातन धर्म प्रेमी और विभिन्न सामाजिक संस्थाएं उनकी भव्य अगवानी करेंगी। देवकीनंदन ठाकुर भागवत कथा का वाचन करेंगे। उनकी यह कथा प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से प्रारंभ होगी। यह कथा लगातार आठ अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। कथा प्रारंभ होने के पहले श्रीमद्भागवत पुराण का विधिवत पूजन कथा स्थल पर ही होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार शाम कथा स्थल पर सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के साथ आयोजन समिति और विश्व शांति चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं की बड़ी बैठक आयोजित की गई। इसमें बैठक व्यवस्था, पार्किंग, स्वागत, जलपान आदि को लेकर स्वयं सेवकों को जिम्मेदारियां दी गई। भागवत कथा के पहले भोपाल के सभी प्रमुख चौराहों पर धर्म ध्वजा लगाकर चौराहों को सजाया गया है। कथा स्थल पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था है और बुजुर्गों के बैठने के लिए अलग से कुर्सियां लगाई गई हैं। कथा में आने वाली महिलाएं मध्य प्रदेश सरकार की लाड़ली लक्ष्मी बहना योजना का लाभ ले सकें, इसके लिए अलग से पंजीयन काउंटर भी कथा स्थल पर लगाए गए हैं।

सुधांशु महाराज का रवींद्र भवन में सत्संग आज

विश्व जागृति मिशन के संस्थापक सुधांशु महाराज का शनिवार को राजधानी में आगमन हुआ। उन्होंने नर्मदापुरा रोड जाटखेड़ी में भोपाल मंडल के भक्तों, दीक्षार्थियों से भेंट की। आशीर्वचन के साथ विश्व जागृति मिशन, दिल्ली तथा देश और विदेशों में संचालित जनकल्याणकारी कार्यकलापों की जानकारी दी। सुधांशु महाराज रविवार सुबह नौ बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ स्मार्ट सिटी परिसर में पौधारोपण करेंगे। इसके बाद मानस भवन में सुबह 9:30 बजे से मंत्र सिद्धि साधना गुरु मंत्र सिद्धी के सभी प्रयोग जप, स्तुति प्रार्थना, ध्यान सुमिरण और सेवा के बारे में श्रद्धालुओं को बताया जाएगा। शाम चार बजे रवीन्द्र भवन के सभागार में सफल जीवन विषय पर प्रवचन देंगे।

Posted By: Ravindra Soni

Mp
Mp