भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों पर सर्वर डाउन होने की वजह से लगभग 20 हजार लोगों को राशन नहीं मिल सका है। यहां तक कि अन्न उत्सव में भी हितग्राहियों को राशन दुकानों से गेहूं-चावल नहीं बांटा जा सका है। राशन के लिए लोग घंटो दुकानों के बाहर खड़े रहे और आखिर में खाली हाथ ही जाना पड़ रहा है। ऐसे में हितग्राही परेशान है कि वह राशन लेने दुकान पर कतार में लगे या फिर मजदूरी कर पैसा कमाने जाए। इधर, करोड़ों रुपए का भुगतान करने के बाद भी कंपनी की जिम्मेदारी तय नहीं हो पा रही है। कारण है कि अधिकारियों का ध्यान ही इस गंभीर समस्या की तरफ नही है। जबकि यह परेशानी काफी समय से बनी हुई है।

एक महीने से बनी हुई है समस्या

पिछले एक महीने से सर्वर की समस्या बनी हुई है। पोर्टल में एरर आने की वजह से पीओएस मशीनों से राशन वितरण रुका हुआ है। यही कारण है कि लोगों को राशन के लिए महीनों चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वहीं, सरकार द्वारा 16 व 17 मार्च को अन्न उत्सव का आयोजन किया गया है। इस दौरान कम से कम 25 प्रतिशत कार्डधारियों को राशन वितरण करना अनिवार्य है। एक कार्ड में ही 30 से 35 मिनट का समय लग रहा है, यह समय कभी- कभी एक घंटे तक बढ़ जाता है। फिर भी लोगों को राशन मिल जाता था। अब तो मशीन ही नहीं चल रही है। 15 और 16 मार्च को मशीन में एरर होने के कारण सिर्फ दुकानों में कार्डधारियों और सेल्समेन के बीच नोंकझोंक ही देखने को मिली।

हर महीने सवा तीन लाख परिवारों को दिया जाता है राशन

भोपाल जिले में 20 हजार लोग राशन लेने से वंचित रह गए हैं। हर महीने तीन लाख 32 हजार परिवार 463 पीडीएस की दुकानें से राशन उठाते हैं। रोजाना इन दुकानों से 10 हजार लोग राशन लेते हैं। बुधवार दोपहर 12 बजे के बाद सर्वर डाउन हो गया था। यह गुरुवार को भी डाउन रहा। इधर, राशन लेने पीडीएस दुकानों पर पहुंचे लोगों को घंटों सर्वर ठीक होने के इंतजार करना पड़ा, लेकिन देर शाम तक सर्वर ठीक नहीं हो सका। राशन के लिए लोग दो दिन से परेशान हो रहे हैं।

सर्वर की समस्या के चलते राशन दुकानों पर खाद्यान्न वितरण में दिक्कत आ रही थी। इसमें सुधार हो गया है शुक्रवार से हितग्राहियों को बिना रुकावट खाद्यान्न वितरीत किया जाएगा।

- मीना मालाकार, जिला आपूर्ति नियंत्रक, भोपाल

Posted By: Ravindra Soni

Mp
Mp
  • Font Size
  • Close