भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। कमलानगर थाने की हवालात में शनिवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक को पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ उसकी भाभी ने ही एफआइआर दर्ज करवाई थी। जब उसने फांसी लगाई, उस समय थाने का स्टाफ भी ड्यूटी पर मौजूद था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक पुरानी सबरी नगर निवासी 25 वर्षीय गोलू सारथी मजदूरी करता था। शुक्रवार को उसकी 31 वर्षीय भाभी ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ का प्रकरण दर्ज करवाया था। इसके बाद शाम को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने गोलू को थाने की हवालात में बंद कर दिया था। इसी दौरान शनिवार सुबह पांच बजे उसने हवालात में रखे सरकारी कंबल से फंदा बनाया और फांसी लगा ली। सुबह-सुबह ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने उसे फंदे पर लटके देखा तो स्टाफ को जानकारी दी। जब तक उसे फंदे से उतारा जाता, उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही आला अधिकारी भी थाने पहुंच गए थे। मृतक के शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर सचिन अतुलकर ने बताया कि मामले की न्यायिक जांच करवाई जा रही है। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा लापरवाही की जांच की जा रही है। जांच में आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखते हुए नाइट एचसीएम ने बताया कि वह तड़के सवा पांच बजे पेशाब करने के लिए गए थे। एसआइ व प्रधान आरक्षक प्रभात गश्त पर थे। जबकि संतरी थाना परिसर में ही लाकअप से दूर मौजूद था।
Posted By: Ravindra Soni
- # Bhopal Suicide News
- # sucide in police lockup
- # Bhopal Crime News
- # Bhopal News in Hindi
- # Bhopal Latest News
- # Bhopal Samachar
- # MP News in Hindi
- # Madhya Pradesh News
- # भोपाल समाचार
- # मध्य प्रदेश समाचार