Bhopal Weather News: भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी में प्री-मानसून गतिविधियों की आहट शुरू हो गई है। शनिवार रात से ही तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया था, जो रविवार सुबह भी जारी रहा। इन हवाओं की वजह से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली। आसमान में सुबह से आंशिक बादल छाए हुए हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अब पांच-छह दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। तेज हवाओं के साथ बीच-बीच में बारिश भी होगी, जिससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी।
वैसे 21 मई की बात करें तो शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गर्म हवा के थपेड़े जारी रहे, लोग परेशान भी हुए। लेकिन आंकड़ों को देखें तो पता चलता है कि शुक्रवार की तुलना में सभी जगहों का उच्चतम तापमान शनिवार को कम हुआ था। भोपाल का उच्चतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन के मुकाबले 2.5 डिग्री से. कम था। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी गिरावट आई। रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार के न्यूनतम तापमान के मुकाबले 02 डिग्री सेल्सियस कम रहा। हालांकि यह सामान्य के मुकाबले 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि रविवार को भी शहर में अधिकतम तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। अच्छी खबर ये है कि 23 मई से मौसम का मिजाज तेजी से बदलेगा और राजधानी सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि शनिवार-रविवार में 24 घंटे के अंदर उमरिया, मलांजखंड, गुना, सागर, सतना में हल्की बारिश दर्ज की गई।
चार दिन बाद फिर बढ़ेगी गर्मी
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. ममता यादव ने बताया कि 22 मई को पाकिस्तान की ओर से आया एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य प्रदेश से होकर गुजरेगा। इसके साथ ही राजस्थान से उत्तरी छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों के ऊपर एक द्रोणिका भी बनी हुई है। इन दोनों के परिणामस्वरूप ही मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो रही हैं। इसके प्रभाव से 23 मई से 26 मई तक तीन-चार दिन लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, फिर दोबारा गर्मी बढ़ेगी। इस तरह गर्मी व बारिश का आना-जाना चलता रहेगा। 20 जून के करीब प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है, तभी पूरी तरह गर्मी से राहत मिलेगी।
Posted By: Ravindra Soni
- # Bhopal Weather News
- # Bhopal Weather update
- # Bhopal Weather today
- # Summer in Bhopal
- # Summer in MP
- # Cloud in Bhopal
- # Bhopal News in Hindi
- # Bhopal Latest News
- # Bhopal Samachar
- # MP News in Hindi
- # Madhya Pradesh News
- # भोपाल समाचार
- # मध्य प्रदेश समाचार